Bihar Exit Poll Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बार दोनों चरणों में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग देखने को मिली। राज्य की कुल 243 सीटों में से दूसरे और अंतिम चरण की 122 सीटों पर वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे आने लगे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे या तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन सत्ता पर काबिज होगा। पहले एग्जिट पोल में NDA को बहुमत मिलता दिख रहा है।
| गठबंधन / पार्टी | अनुमानित सीटें |
|---|---|
| NDA (भाजपा + जदयू आदि) | 133 – 159 |
| MGB (महागठबंधन - राजद, कांग्रेस आदि) | 75 – 101 |
| जन सुराज | 0 – 5 |
| अन्य (OTHERS) | 2 – 8 |
ये आंकड़े पिपल्स पल्स के सरेवे के नतीजे हैं।
बिहार ने इस बार पहले चरण में 64.66 प्रतिशत की रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की थी। वहीं, चुनाव आयोग के मुताबिक, मंगलवार को हुए दूसरे चरण के मतदान में 67.14 प्रतिशत वोट पड़े, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान है। इतना ऊंचा मतदान प्रतिशत इस बात का संकेत माना जा रहा है कि मतदाताओं ने इस बार किसी एक गठबंधन को स्पष्ट बहुमत देने का मन बना लिया है। जैसा की एग्जिट पोल में देखने को मिल रहा है। एनडीए और महागठबंधन, दोनों को अपने-अपने समर्थकों के उत्साह और संगठनात्मक मजबूती पर पूरा भरोसा है। अब सभी की नजरें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बिहार की राजनीति इस वक्त गरमाई हुई है। वर्तमान एनडीए गठबंधन में भाजपा के 80, जेडीयू के 45, हम (एस) के 4 और दो निर्दलीय विधायक शामिल हैं। इस बार एनडीए के भीतर भाजपा और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वहीं, चिराग पासवान की LJP (रामविलास) ने 29 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, हालांकि एक सीट पर उनकी उम्मीदवार सीमा सिंह की दावेदारी रद्द कर दी गई थी। इसके अलावा जीतन राम मांझी की हम (H.A.M) और उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा (RLM), दोनों ही 6-6 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के बाद पाकिस्तान में बम धमाका, इस्लामाबाद हाईकोर्ट के पास कार में विस्फोट, 6 की मौत, कई घायल
दूसरी ओर, महागठबंधन ने इस बार 243 सीटों पर कुल 254 उम्मीदवार उतारे हैं। इसमें राजद (RJD) ने 143 उम्मीदवार, कांग्रेस ने 61, भाकपा (एम) ने 20, भाकपा ने 9, भाकपा (माले) ने 6, और मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी ने 15 प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि, बाद में मुकेश सहनी के भाई संतोष सहनी ने चुनाव मैदान से नाम वापस ले लिया।