तेजस्वी यादव, फोटो- सोशल मीडिया 
बिहार

बिहार चुनाव: "सरकार आते ही वक्फ अधिनियम कूड़ेदान में फेंक देंगे," तेजस्वी यादव ने NDA पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने कटिहार में NDA पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन सत्ता में आया तो वक्फ (संशोधन) अधिनियम कूड़ेदान में डाल दिया जाएगा।

प्रतीक पाण्डेय

Bihar Assembly Election 2025: विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार चुनाव में बड़ा दांव चला है। कटिहार की जनसभा में उन्होंने घोषणा की कि अगर 'इंडिया' ब्लॉक राज्य में सत्ता में आता है, तो वक्फ (संशोधन) एक्ट को कूड़ेदान में डाल दिया जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार पर साम्प्रदायिक ताकतों का साथ देने का आरोप लगाया।

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच विपक्षी गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बड़ा और विवादास्पद बयान दिया है। रविवार को कटिहार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यादव ने घोषणा की कि अगर बिहार में इंडिया गठबंधन सत्ता में आता है, तो वक्फ (संशोधन) अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।

एनडीए और नीतीश कुमार पर बरसे तेजस्वी

यादव ने एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा वार करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने हमेशा ऐसी ताकतों का साथ दिया है, जिसकी वजह से राज्य में साप्रदायिक तनाव पैदा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं की वजह से आरएसएस और उससे जुड़े संगठन राज्य के साथ-साथ देश में भी सांप्रदायिक नफरत फैला रहे हैं।

बीजेपी को बताया ‘भारत जलाओ पार्टी’

तेजस्वी ने यहां तक कहा कि बीजेपी को ‘भारत जलाओ पार्टी’ कहा जाना चाहिए। यादव ने यह भी ज़िक्र किया कि उनके पिता और राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने देश में सांप्रदायिक ताकतों से कभी समझौता नहीं किया। वक्फ एक्ट इसी साल अप्रैल में संसद में पास हुआ था। सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने इस कानून को पिछड़े मुसलमानों और समुदाय की महिलाओं के लिए पारदर्शिता और सशक्तिकरण का जरिया बताया था, जबकि विपक्ष का दावा है कि यह मुसलमानों के अधिकारों का उल्लंघन करता है।

राजद विधायक ने भी वक्फ बिल को लेकर दिया था बयान

इससे पहले, राजद विधायक (MLC) मोहम्मद कारी सोहैब ने भी शनिवार को कहा था कि अगर यादव बिहार के सीएम बनते हैं, तो "वक्फ बिल सहित सभी बिल फाड़ दिए जाएंगे"। उनके इस बयान से एक बड़ा सियासी विवाद खड़ा हो गया था, क्योंकि विपक्ष ने सवाल किया था कि किसी राज्य का मुख्यमंत्री केंद्रीय कानून को कैसे बदल सकता है। तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला जारी रखते हुए दावा किया कि राज्य के लोग 20 साल पुरानी नीतीश कुमार सरकार से थक चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि "मुख्यमंत्री होश में नहीं हैं" और सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। यादव ने दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

एनडीए ने सीमांचल के लिए कुछ नहीं किया: तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने वादा किया कि अगर इंडिया ब्लॉक सत्ता में आता है, तो इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सीमांचल विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा।

यादव ने एनडीए पर उनके चुनावी वादों की नकल करने का आरोप लगाते हुए कहा, "हमने बुढ़ापा पेंशन बढ़ाने का वादा किया था। नीतीश कुमार सरकार ने इसे 400 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया है।" उन्होंने मतदाताओं से वादा किया कि इंडिया गठबंधन इसे बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह करेगा।

UP Richest Person: कौन है उत्तर प्रदेश का सबसे अमीर शख्स, कारोबार से लेकर उनकी नेटवर्थ तक, जानें सबकुछ

DRDO की बड़ी उपलब्धि, प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण सफल; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई

ओवैसी का बड़ा आरोप! बोले जहां-जहां BJP की सरकार है, वहां मुस्लमानों को रखा जाता है शिक्षा से दूर

आप जितना बोलेंगे, कांग्रेस उतनी कमजोर होगी, नागपुर में नितिन गडकरी का राहुल गांधी पर निशाना

हाथ में संविधान, काम संविधान के खिलाफ, नागपुर में राहुल गांधी पर जमकर बरसे CM फडणवीस