नीरज सिन्हा 
बिहार

कौन हैं 32 साल के नीरज सिन्हा? जिन्हें BJP ने बांकीपुर से बनाया प्रत्याशी, अभिषेक की जगह लड़ेंगे चुनाव

Bankipur BJP New Candidate: बांकीपुर उपचुनाव के लिए BJP ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है। अभिषेक कुमार सिन्हा के हटने के बाद पार्टी ने अब 32 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है।

अर्पित शुक्ला

Bankipur BJP Candidate Neeraj Sinha: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवार में बदलाव किया है। पार्टी के पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है।

उपलब्ध बायोडाटा के अनुसार, नीरज कुमार सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1994 को पटना में हुआ। उनके पिता का नाम स्वर्गीय युग कुमार और माता का नाम स्वर्गीय सरोज देवी है। वह वर्तमान में मीठापुर के निवासी हैं। वह अविवाहित हैं और उन्होंने बी.ए. तक की शिक्षा प्राप्त की है।

कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?

नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वह नरेंद्र भारती मंडल के बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में भी वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं।

जानकारी के अनुसार, उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के कार्यकर्ता थे। उनका निधन वर्ष 1984 में हुआ था। उनके निधन के बाद ही संबंधित मंडल का नाम 'नरेंद्र भारती मंडल' रखा गया।

प्रशांत किशोर से है मुकाबला

भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के इस फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है। अब पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया है। बता दें कि बांकीपुर में आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता, जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर और अब भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में हैं। माना जा रहा है कि इनके बीच काफी दिलचस्प मुकाबला हो सकता है।

अभिषेक का लड़ने से इनकार

इससे पहले अभिषेक सिन्हा बंटी ने शुक्रवार शाम को पटना स्थित BJP दफ्तर में प्रेस वार्ता के दौरान नामांकन वापस लेने का ऐलान किया। अभिषेक ने एक दिन पहले ही बांकीपुर सीट से उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। -एजेंसी इनपुट के साथ

Weather Update: देश भर में बारिश से हाहाकार! गुरुग्राम में हालात बेकाबू, 12 राज्यों में IMD का अलर्ट

आंध्र शराब परिवहन घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक करुमुरी वेंकट नागेश्वर राव गिरफ्तार

ABGH Recruitment 2026: सीनियर रेजिडेंट के 7 पदों पर भर्ती, ₹2.08 लाख तक सैलरी, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

UP की महिलाओं का कमाल! 5 मिल्क कंपनियों ने 5,716 करोड़ का किया कारोबार, 3.88 लाख महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

CJP के दीपके ने किसे बताया देश का सबसे बेस्ट PM? इन नेताओं को बताया बेस्ट CM