Bihar CM Samrat Choudhary Announcement: बिहार में भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर केस में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट के माध्यम सी इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की तरफ से भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।
13 अगस्त को सीएम सम्राट चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, न्यायिक जांच के अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार द्वारा दिवंगत भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता एवं एक परिजन को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
बता दें, एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान राजधानी पटना में सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। 24 जुलाई को हुई इस मुलाकात की जानकारी सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट के माध्यम से साझा की थी। पोस्ट में सीएम ने लिखा था कि स्वर्गीय भरत तिवारी जी के परिवार को न्याय मिलेगा।
बता दें कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार सरकार द्वारा कार्रवाई में गोली चलाने वाले एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह इस केस में पहली गिरफ्तारी थी। इसके अलावा जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीएम को भी हटा दिया गया है। जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई भी हो रही है।
मामले में कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी 11 आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश करने का आदेश दे चुका है। गैर-जमानती वॉरेंट में शामिल 11 लोगों में तत्कालीन एसडीपीओ, एसडीएम और थानाध्यक्ष समेत कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं।
यह केस इसलिए भी काफी अहम है क्योंकि भरत तिवारी एनकाउंटर मामला पूरे देश में काफी चर्चा में रहा। इससे बिहार सरकार के साथ-साथ प्रशासन पर सवाल भी उठे।