Highlight:
Toyota Innova Hycross में फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन लाया जा रहा है।
टोयोटा ने अगस्त 2023 में इनोवा हाईक्रॉस का फ्लेक्स-फ्यूल प्रोटोटाइप पेश किया था।
एथेनॉल सामान्य पेट्रोल की तुलना में ज्यादा संक्षारणकारी होता है ऐसे अलग इंजन चाहिए होता है।
Toyota Innova Hycross: टोयोटा अपनी लोकप्रिय MPV Toyota Innova Hycross को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। बता दें कि कंपनी 25 नवंबर 2026 को भारत में इसका अपडेटेड मॉडल लॉन्च करने जा रही है। वहीं इस बार गाड़ी में नए डिजाइन और फीचर्स के साथ फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन भी देखने को मिल सकता है। जिसकी खास बात यह है कि यह तकनीक पेट्रोल के साथ एथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल पर भी चलने में सक्षम होगी। साथ ही इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और प्रदूषण घटाने में मदद मिल सकती है।
वहीं टोयोटा ने अगस्त 2023 में इनोवा हाईक्रॉस का फ्लेक्स-फ्यूल प्रोटोटाइप पेश किया था। वहीं अब इसके प्रोडक्शन मॉडल में इस तकनीक के इस्तेमाल को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।
टोयोटा के फ्लेक्स-फ्यूल प्रोटोटाइप के बारे में बताए तो इसमें 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर एटकिंसन साइकिल पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसे कंपनी के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम और इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा गया है। वहीं इस तकनीक में पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर गाड़ी चलाते हैं।
साथ ही जरूरत के अनुसार इलेक्ट्रिक मोटर पहियों को ताकत देती है जबकि बैटरी को इंजन और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग से चार्ज किया जाता है। वहीं प्रोटोटाइप में करीब 60 प्रतिशत समय इलेक्ट्रिक मोड में ड्राइविंग संभव बताई गई थी। इससे एथेनॉल की कम ऊर्जा क्षमता के प्रभाव को कम करने में मदद मिलती है।
एथेनॉल सामान्य पेट्रोल की तुलना में ज्यादा संक्षारणकारी होता है और नमी भी सोखता है। इसलिए इसके इस्तेमाल के लिए इंजन के कई हिस्सों में बदलाव जरूरी हैं। जैसे टोयोटा ने प्रोटोटाइप में विशेष स्पार्क प्लग, अपग्रेडेड पिस्टन रिंग, वाल्व और वाल्व सीट्स का इस्तेमाल किया है। इसके अलावा फ्यूल पंप, फ्यूल फिल्टर, फ्यूल लाइन और टैंक को भी एथेनॉल के अनुकूल बनाया गया है।
वहीं इसमें एथेनॉल सेंसर भी मिलता है जो फ्यूल में पेट्रोल और एथेनॉल का अनुपात पहचानकर इंजन की सेटिंग को एडजस्ट करने में मदद करता है। इसमें मौजूद खास कोल्ड-स्टार्ट सिस्टम की मदद से इंजन माइनस 15 डिग्री तापमान में भी स्टार्ट हो सकता है।
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक का एक बड़ा फायदा पेट्रोल में ज्यादा मात्रा में एथेनॉल इस्तेमाल करने की क्षमता से है। इससे जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है। वहीं प्रोटोटाइप में थ्री-वे कैटेलिटिक कन्वर्टर भी दिया गया है जो एग्जॉस्ट से निकलने वाले हानिकारक उत्सर्जन को कम करने में मदद करता है। लेकिन प्रोटोटाइप की E100 क्षमता को आगामी भारतीय मॉडल की पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए। नए मॉडल में कितने प्रतिशत एथेनॉल तक इस्तेमाल किया जा सकेगा यह लॉन्च के समय स्पष्ट होगा।
अपडेटेड इनोवा हाईक्रॉस में नई फ्रंट ग्रिल, स्लिम हेडलैंप, बदले हुए बंपर और नए अलॉय व्हील्स मिलने की उम्मीद है। केबिन में मौजूदा 10.1-इंच स्क्रीन की जगह 12.3-इंच टचस्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया जा सकता है। नई सीट अपहोल्स्ट्री और अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलने की संभावना है।
वहीं नई Toyota Innova Hycross की संभावित एक्स-शोरूम कीमत 20 लाख से 35 लाख रुपये के बीच हो सकती है। लेकिन कंपनी ने अभी कीमत और नए इंजन की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। इनका खुलासा 25 नवंबर को लॉन्च के दौरान हो सकता है।