Lexus ES 350h Launched India: लग्जरी कार निर्माता कंपनी Lexus ने भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए अपनी लोकप्रिय सेडान सीरीज का विस्तार किया है। कंपनी ने भारत में नई ES 350h स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है।
खास बात यह है कि पिछली पीढ़ी की सफलता को देखते हुए, इस नए मॉडल का निर्माण भी भारत में ही किया जाएगा, जो 'मेक इन इंडिया' के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस नई कार की बुकिंग आज से शुरू हो गई है और इसे इस साल की शुरुआत में लॉन्च हुई 500e BEV के साथ बेचा जाएगा।
नई Lexus ES 350h को दो शानदार वेरिएंट्स में पेश किया गया है। इसके बेस वेरिएंट 'Exquisite' की एक्स-शोरूम कीमत 66.10 लाख रुपये तय की गई है। वहीं, इसके टॉप-स्पेक 'Luxury' वेरिएंट की कीमत 71.80 लाख रुपये रखी गई है। यह कार उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जो लग्जरी के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल ड्राइविंग अनुभव की तलाश में हैं।
यह नई सेडान Clean Tech x Elegance डिजाइन कॉन्सेप्ट पर आधारित है। पुराने मॉडल की तुलना में यह आकार में बड़ी है इसका व्हीलबेस लंबा है और चौड़ाई भी बढ़ाई गई है, जिससे इसे सड़क पर एक कमांडिंग उपस्थिति मिलती है।
इसमें लेक्सस के सिग्नेचर एल-शेप्ड लाइटिंग एलिमेंट्स और एक रिफाइंड रियर डिजाइन दिया गया है। ग्राहक इसे व्हाइट नोवा, सोनिक टाइटेनियम, ग्रेफाइट ब्लैक और नए सोनिक कॉपर जैसे आकर्षक रंगों में खरीद सकते हैं।
परफॉर्मेंस की बात करें तो ES 350h में एक नया विकसित हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है। इसमें बेहद कुशल 2.5-लीटर इनलाइन 4-सिलेंडर इंजन मिलता है, जिसे एक नए eAxle और लिथियम-आयन बैटरी के साथ जोड़ा गया है। यह सिस्टम न केवल दमदार पावर देता है, बल्कि ईंधन की बचत करने में भी सक्षम है।
कार के केबिन में लेक्सस का सिग्नेचर Tazunan कॉकपिट कॉन्सेप्ट दिया गया है, जो ड्राइवर की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें 14.0-इंच का हाई-डेफिनिशन टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और एक पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। यह कार कनेक्टेड फीचर्स से लैस है, जिसके जरिए मालिक रिमोटली इंजन स्टार्ट, डोर लॉक, विंडो क्लोजर और यहां तक कि केबिन के तापमान (AC और सीट हीटिंग) को भी मैनेज कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- 24 जुलाई को लॉन्च होगी नई Maruti Brezza, टर्बो इंजन, नए फीचर्स और दमदार लुक से बढ़ाएगी SUV सेगमेंट की टेंशन
इस कार में सेफ्टी के लिए इसमें 'Lexus Safety System+' दिया गया है, जिसमें प्री-कोलिजन सिस्टम (PCS), डायनेमिक रडार क्रूज कंट्रोल और लेन ट्रेसिंग असिस्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी इस पर 8 साल या 2,00,000 किमी की व्हीकल और हाइब्रिड बैटरी वारंटी भी दे रही है, जो ग्राहकों को एक बेफिक्र ओनरशिप अनुभव प्रदान करती है