अगर आप मिड-सेगमेंट में एक पावरफुल स्पोर्ट्स बाइक की तलाश कर रहे हैं और बाइकिंग का शौक रखते हैं, तो आपके लिए एक शानदार विकल्प आ चुका है। होंडा ने अपनी नई CBR650R E-Clutch बाइक की डिलीवरी भारत में शुरू कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹10.40 लाख रखी गई है और यह केवल Honda BigWing डीलरशिप के माध्यम से उपलब्ध है।
होंडा CBR650R E-Clutch में 649cc का लिक्विड-कूल्ड, इनलाइन 4-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 94bhp की पावर और 63Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह बाइक 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट क्लच के साथ आती है। खास बात यह है कि इसमें ई-क्लच टेक्नोलॉजी का भी विकल्प है, जिसे चुनने पर आपको ₹40,000 अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
E-Clutch टेक्नोलॉजी को होंडा ने नवंबर 2023 में पेश किया था। इसके जरिए बिना क्लच लीवर दबाए गियर बदले जा सकते हैं। यानी स्टार्ट, स्टॉप और गियर शिफ्टिंग बेहद आसान हो जाती है। इसमें ऑटोमैटिक क्लच मैनेजमेंट सिस्टम मौजूद है, साथ ही क्विकशिफ्टर, मैनुअल क्लच और DCT भी मिलता है। राइडर की जरूरत के मुताबिक क्लच और गियर मैनुअली भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। हालांकि, E-Clutch की वजह से बाइक का वजन 2.8 किलोग्राम बढ़ जाता है।
इस स्पोर्ट्स बाइक में सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें आगे 310mm का डुअल फ्लोटिंग डिस्क और पीछे 240mm का सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है। बेहतर ब्रेकिंग के लिए डुअल चैनल ABS सिस्टम भी मौजूद है।
इसके अलावा, इसमें 5-इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है जो Honda RoadSync ऐप से कनेक्ट होता है। इस ऐप के जरिए कॉल, मैसेज, नेविगेशन और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी जैसे स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं।