July 2026 SUV Sales: भारत में सब-कॉम्पैक्ट SUV का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। इसमें कम कीमत, SUV जैसा डिजाइन, बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस और शहरों में आसान ड्राइविंग के कारण ग्राहक इस सेगमेंट की तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। वहीं जुलाई 2026 की बिक्री में भी कंपनियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। जिसमें सबसे बड़ी खबर यह रही कि Tata Punch ने एक बार फिर नंबर-1 पोजिशन हासिल की जबकि Maruti Suzuki Fronx ने Tata Nexon को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान कब्जा लिया।
बता दें कि जुलाई 2026 में Tata Punch की 21,313 यूनिट बिकीं। पिछले साल जुलाई में इसकी 10,785 यूनिट बिकी थीं। जिसका सीधा मतलब है कि सालाना आधार पर Punch की बिक्री में करीब 97.6 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी हुई। वहीं इस प्रदर्शन के साथ Punch ने इस सेगमेंट में करीब 18.3 फीसदी हिस्सेदारी हासिल किया है। लगातार मजबूत बिक्री बताती है कि छोटी SUV खरीदारों के बीच Tata Punch की लोकप्रियता काफी मजबूत बनी हुई है।
दूसरे स्थान पर सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। Maruti Suzuki Fronx ने जुलाई में Tata Nexon को पीछे छोड़ दिया। Fronx की 19,473 यूनिट बिकीं जबकि पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 12,872 यूनिट था। यानी इसकी बिक्री में करीब 51.3 फीसदी की वृद्धि हुई। दूसरी तरफ Tata Nexon की 17,471 यूनिट बिकीं। इसकी बिक्री भी सालाना आधार पर करीब 36.2 फीसदी बढ़ी लेकिन Fronx की ज्यादा बिक्री के कारण Nexon तीसरे स्थान पर खिसक गई।
Maruti Suzuki Brezza जुलाई में चौथे नंबर पर रही। इसकी 12,055 यूनिट बिकीं, जबकि पिछले साल जुलाई में 14,065 यूनिट की बिक्री हुई थी। इस तरह Brezza की बिक्री में करीब 14.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। लेकिन कंपनी ने हाल ही में Brezza को अपडेट किया है। इसमें डिजाइन बदलाव, नया टर्बो-पेट्रोल इंजन और कई नए फीचर्स शामिल किए गए हैं।
Hyundai Venue जुलाई में 11,095 यूनिट की बिक्री के साथ पांचवें स्थान पर रही। पिछले साल के 8,054 यूनिट के मुकाबले इसकी बिक्री में करीब 37.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
वहीं टॉप-10 में इसके बाद Mahindra XUV 3XO, Kia Sonet, Hyundai Exter, Skoda Kylaq और Toyota Taisor ने जगह बनाई। कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि इस सेगमेंट में मुकाबला तेजी से बढ़ रहा है और ग्राहक अब सिर्फ कीमत नहीं बल्कि डिजाइन, फीचर्स, इंजन और ब्रांड वैल्यू को भी महत्व दे रहे हैं।