नंदुरबार/जलगांव. दक्षिण अफ्रीका (South Africa) की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो (Kilimanjaro) पर अनिल मानसिंह वसावे (Anil Mansingh Vasave) द्वारा 26 जनवरी को तिरंगा झंडा फहराने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। आर्थिक तंगी के कारण वसावे का सपना पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा था, जिसके लिए अनिल ने ‘नवभारत’ के जरिए सरकारी आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी।
‘नवभारत’ ने यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसका संज्ञान लेते हुए आदिवासी विकास मंत्री तथा ज़िला पालक मंत्री के. सी. पाडवी (K. C. Padvi) ने दक्षिण अफ्रीका जाने के लिए तीन लाख रुपये की सरकारी सहायता का चेक सोमवार को अनिल वसावे को सौंप दिया। 360 खोजकर्ताओं तथा एवरेस्ट शिक्षक आनंद बनसोडे की पर्वतारोही मुहिम के लिए आदिवासी बहुल नंदुरबार ज़िले के बालाघाट (Balaghat) जैसे छोटे से गांव में रहने वाले अनिल मानसिंह वसावे का चयन दक्षिण अफ्रीका में पर्वतारोही के रूप में हुआ है।
अनिल वसावे आदिवासी समुदाय का पहला अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही होगा। अनिल के घर की स्थिति बहुत खराब है, पिता किसान हैं, छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है और अनिल स्वयं मोलगी गांव में एक मेडिकल स्टोर पर काम कर परिवार का गुजारा करता है। इस अभियान का खर्च लगभग 3 लाख रुपये है।
अनिल यह पैसा जुटा नहीं पा रहा था। इस बात से चिंतित था। अनिल ने ‘नवभारत’ के माध्यम से लोगों को सहयोग की अपील की थी। जैसे ही नवभारत की खबर पालक मंत्री पाडवी तक पहुंची, उन्होंने आदिवासी विकास विभाग को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। परियोजना कार्यालय ने न्यूक्लियस बजट योजना के तहत तत्काल अनिल को आवश्यक सहायता प्रदान की। अनिल वसावे ने ‘नवभारत’ और सरकार का आभार व्यक्त किया है