गुरुग्राम/चंडीगढ़. जहां एक तरफ कांग्रेस विधायक मामन खान (Maman Khan) को बीते 31 जुलाई को हुए नूंह हिंसा (Nuh Violence) मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहीं सांप्रदायिक झड़पों के बाद दर्ज की गई FIR में फिरोजपुर झिरका से विधायक खान आरोपी थे। उन्हें कल देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं इस गिरफ्तारी के बाद नूंह जिले में 15 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से 16 सितंबर को 23:59 बजे तक मोबाइल इंटरनेट अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है।
मामले पर नूंहजिला के DC धीरेंद्र खड़गता ने बताया कि,"हरियाणा के नूंह जिले में 15 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से 16 सितंबर को 23:59 बजे तक मोबाइल इंटरनेट अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। हमने नूंह में धारा 144 सीआरपीसी लागू कर दी है और हमने लोगों से अपने घरों पर शुक्रवार की नमाज अदा करने का भी अनुरोध किया है।"
उधर नूंह हिंसा मामले में हरियाणा कांग्रेस विधायक मम्मन खान की गिरफ्तारी पर जिला SP नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि, उन पर हिंसा भड़काने का आरोप है. रिमांड हासिल करने के लिए पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी। अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने आयी है. तथ्यों से पता चलता है कि हिंसा भड़कने से ठीक पहले वह घटनास्थल पर मौजूद थे।
बता दें कि, बीते 31 जुलाई को नूंह में विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व वाले जलाभिषेक यात्रा पर भीड़ ने हमला किया था। हमले के दौरान छह लोगों की मौत हो गई थी, इनमें से अधिकतर पर जलाभिषेक यात्रा के दौरान हमला हुआ था। गुरुग्राम से सटे एक मस्जिद पर हुए हमले में एक मौलवी की मौत हो गई थी। फिरोजपुर झिरका के विधायक ने मंगलवार को अदालत का रुख कर गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग की थी और दावा किया था कि उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है जबकि हिंसा भड़कने के दिन वह नूंह में नहीं थे।
विधायक के वकील ने सुनवाई के बाद संवाददाताओं से कहा कि खान को अभी पता चला है कि उनका नाम प्राथमिकी में है। वकील ने बताया कि अदालत ने कहा कि खान "कानून के अनुसार गिरफ्तारी से सुरक्षा के लिए'' उचित उपाय तलाश कर सकते हैं। इससे पहले, विधायक को नूंह पुलिस ने दो बार जांच में शामिल होने के लिए कहा था, लेकिन वह उसके सामने पेश नहीं हुए थे। विधायक ने यह कहकर 31 अगस्त तक पुलिस समन का पालन नहीं किया कि उन्हें वायरल बुखार है।
हिंसा के बाद एक अगस्त को नूंह के एक थाने में दर्ज इस प्राथमिकी सहित कई अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई। खान को एक अगस्त की प्राथमिकी के संबंध में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 160 (पुलिस के सामने उनकी उपस्थिति की आवश्यकता) के तहत नोटिस दिया गया था। अपनी याचिका में खान ने कहा कि वह 26 जुलाई से एक अगस्त के बीच अपने गुरुग्राम स्थित आवास पर थे और उन जगहों पर नहीं गए जहां हिंसा हुई थी। लेकिन सरकार के वकील ने सुनवाई के बाद कहा था कि सबूत खान के दावे के खिलाफ हैं।
सभरवाल ने कहा था कि खान के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, उनके फोन टावर लोकेशन, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी के बयान और अन्य सबूत विधायक के दावे को गलत साबित करते हैं। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि सह-आरोपी तौफीक ने भी खान का नाम लिया है। तौफीक को नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। वकील ने कहा कि खान और तौफीक के फोन कॉल विवरण और टावर स्थानों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि यह पाया गया कि 31 जुलाई की हिंसा से पहले 29 और 30 जुलाई को उनके बीच फोन पर बातचीत हुई थी।