जंगल का राजा शेर पेड़ों पर चढ़कर क्यों सोता हैं? वजह जानकर आप चौंक जाएंगे!

Lions in Tanzania Climb Trees: तंजानिया के लेक मन्यारा और युगांडा के इशाशा रिजर्व में शेर पेड़ों पर चढ़कर घंटों आराम करते हैं। जानिए गर्मी, कीड़ों और शिकार पर नजर रखने की वजह।
Why lions in Tanzania Climb Trees to sleep.jpg
पेड़ पर आराम करती शेरनी की फोटो।सोर्स: गूगल इंटरनेट।
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • तंजानिया और युगांडा के कुछ इलाकों में शेर पेड़ों की ऊंची डालियों पर आराम करते हैं।

  • शेरनियां अपने बच्चों को छोटी उम्र से ही पेड़ों पर चढ़ने का हुनर सिखाती हैं।

Why Do Lions in Tanzania Climb Trees?: आमतौर पर जब भी शेर की बात होती है तो दिमाग में खुले मैदानों में घूमते, ऊंची घास के बीच शिकार का पीछा करते या जंगल में दहाड़ते शेर की तस्वीर उभरती है। शेर को जंगल का राजा कहा जाता है और उसकी पहचान एक ताकतवर शिकारी के रूप में है। लेकिन क्या आपने कभी किसी शेर को पेड़ की ऊंची डाल पर बैठकर आराम करते देखा है? सुनने में यह भले ही अजीब लगे, लेकिन पूर्वी अफ्रीका के कुछ इलाकों में शेरों का यह व्यवहार आम है। तंजानिया के लेक मन्यारा और युगांडा के इशाशा रिजर्व में शेर पेड़ों पर चढ़कर घंटों आराम करते नजर आते हैं।

दूर से देखने पर पेड़ों की ऊंची शाखाओं पर बैठे ये शेर किसी बड़ी घरेलू बिल्ली की तरह दिखाई देते हैं। हालांकि, नजदीक से देखने पर पता चलता है कि ये जंगल के वही ताकतवर शिकारी हैं, जिनसे दूसरे जानवर दूरी बनाकर रखते हैं। इन इलाकों में शेरों ने अपने प्राकृतिक व्यवहार में बदलाव करते हुए पेड़ों को आराम करने की जगह बना लिया है।

आखिर शेर पेड़ों पर क्यों चढ़ते हैं?

वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, शेरों का पेड़ों पर चढ़ना उनके आसपास के वातावरण के अनुकूल खुद को ढालने की रणनीति है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह गर्मी और कीड़ों से बचना है।

पूर्वी अफ्रीका की रिफ्ट वैली में बारिश के मौसम में ऊंची घास के बीच कई तरह के कीड़े पनपते हैं। इनमें खून चूसने वाली मक्खियां भी शामिल होती हैं, जो जमीन पर रहने वाले जानवरों को परेशान करती हैं। ऐसे में पेड़ों की ऊंची डालियों पर बैठने से शेरों को इन कीड़ों से कुछ राहत मिलती है।

इसके अलावा, दिन के समय जमीन काफी गर्म हो जाती है। पेड़ों की छाया और ऊंचाई पर चलने वाली ठंडी हवा शेरों को गर्मी से बचाती है। इससे उन्हें आराम करने के लिए बेहतर जगह मिलती है और शरीर को ठंडा रखने में अतिरिक्त ऊर्जा भी खर्च नहीं करनी पड़ती।

Why lions in Tanzania Climb Trees to sleep.jpg
Chhath Puja: मुस्लिम देश में छठ महापर्व कैसे मनाया जाता है? बिहार के किस परिवार ने की थी शुरुआत

पेड़ों पर बैठकर शिकार पर भी रखते हैं नजर

पेड़ों पर चढ़ने का एक फायदा यह भी है कि शेरों को आसपास के इलाके का बेहतर नजारा मिलता है। ऊंचाई पर बैठकर वे दूर तक देख सकते हैं और भैंसों, हिरणों सहित दूसरे जानवरों की गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं।

जब ये जानवर पानी पीने या चरने के लिए आसपास आते हैं, तो शेर उनकी मौजूदगी आसानी से पहचान लेते हैं। इस तरह पेड़ों पर बैठना उनके लिए केवल आराम करने का तरीका नहीं, बल्कि आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने का भी एक अच्छा माध्यम है।

भारी शरीर के बावजूद पेड़ों पर चढ़ते हैं शेर

शेरों का पेड़ों पर चढ़ना इसलिए भी हैरान करने वाला है, क्योंकि उनका शरीर इसके लिए खास तौर पर अनुकूल नहीं होता। तेंदुओं की तुलना में शेरों का शरीर काफी भारी और बड़ा होता है। वहीं तेंदुओं का शरीर पतला और फुर्तीला होता है। उनकी लंबी पूंछ पेड़ों की डालियों पर संतुलन बनाए रखने में मदद करती है।

इसके बावजूद कुछ इलाकों के शेर पेड़ों पर चढ़ने में माहिर हो गए हैं। हालांकि, उनके लिए यह काम हमेशा आसान नहीं होता। कई बार युवा शेर गीली छाल पर फिसल जाते हैं। कभी-कभी लंबे समय तक आराम करने के बाद उठते समय उनका संतुलन बिगड़ जाता है और वे नीचे गिर भी जाते हैं। इसके बाद वे दोबारा पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करते हैं।

शेरनियां बच्चों को सिखाती हैं पेड़ों पर चढ़ने का हुनर

लेक मन्यारा और इशाशा जैसे इलाकों में पेड़ों पर चढ़ने का यह व्यवहार एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंच रहा है। शेरनियां अपने बच्चों को छोटी उम्र से ही पेड़ों पर चढ़ने का अभ्यास कराती हैं। धीरे-धीरे शावक न केवल पेड़ों पर चढ़ना सीख जाते हैं, बल्कि यह भी समझने लगते हैं कि किस परिस्थिति में पेड़ों पर आराम करना उनके लिए फायदेमंद है।

इस तरह जो व्यवहार दूसरे इलाकों के शेरों के लिए असामान्य है, वह इन क्षेत्रों के शेरों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है।

पेड़ों पर शेरों को देखना पर्यटकों के लिए खास अनुभव

लेक मन्यारा और युगांडा के इशाशा रिजर्व आने वाले पर्यटकों के लिए पेड़ों पर बैठे शेरों को देखना किसी रोमांच से कम नहीं है। आमतौर पर पर्यटक शेरों को ऊंची घास या झाड़ियों में तलाशते हैं, लेकिन यहां उन्हें अपनी नजरें पेड़ों की ऊंची डालियों पर भी रखनी पड़ती हैं।

शेरों का यह व्यवहार बताता है कि जंगल में जीवित रहने के लिए जानवर अपने वातावरण के अनुसार कितनी आसानी से नई आदतें अपना सकते हैं। जंगल का राजा होने के बावजूद शेर भी मौसम, गर्मी और आसपास की परिस्थितियों के हिसाब से अपनी जीवनशैली बदल सकता है।

Why lions in Tanzania Climb Trees to sleep.jpg
‘मरने के बाद स्वर्ग जाऊंगा! लोग मुझे याद करेंगे’, 60 मिनट्स के इंटरव्यू में बोले डोनाल्ड ट्रंप