

Dubai's Royal Family Princess Zeynab Javadli Arrested: दुनियाभर के देशों में दुबई को उसकी लग्जरी लाइफस्टाइल, ऊंची इमारतों के साथ व्यापार और पर्यटन के लिए जाना जाता है। दुबई को इस बुलंदी पर पहुंचाने का श्रेय दुबई के वर्तमान किंग शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम को दिया जाता है। राशिद अल मकतूम को एक कामयाब बिजनेसमैन, सफल शासक और एक दूरदर्शी नेता के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, राशिद अल मकतूम का एक सच यह भी है कि वो अपनी पत्नी और बेटियों का फोन हैक करवाते हैं। उनकी तीसरी पत्नी उनके डर से अपने बच्चों को लेकर ब्रिटेन भाग गई। इसके अलावा उनकी दो बेटियों ने भी इससे पहले राजमहल से भागने की कोशिश की थी। जिन्हें दूसरे देशों से किडनैप करवाकर राजमहल की चार दीवारों में कैद करवा दिया। और हाल ही उनकी बहू को दुबई पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि दुबई के राजमहल के अंदर ऐसा क्या रहा है कि वहां कोई भी औरत रहना ही नहीं चाहती? क्यों राजकुमारियां और रानियां किसी भी हाल में दुबई छोड़कर जाना चाहती हैं?
दुबई के शाही महल से राजकुमारियों के भागने का पहला मामला साल 2000 में सामने आया था, जब उनकी बेटी राजकुमारी शमसा परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए ब्रिटेन गई थी। लेकिन एक दिन वो परिवार को छोड़कर लंदन भाग गई। बताया जाता है कि वह स्वतंत्र जीवन जीना चाहती थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजमहल के अंदर उनका दम घुटता है।
हालांकि उनकी ये आजादी ज्यादा दिनों तक नहीं रही और कुछ दिनों बाद उन्हें ब्रिटेन के कैंब्रिज शहर की एक सड़क से पकड़कर वापस दुबई ले जाया गया। इस घटना ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान शाही परिवार के अंदरूनी हालात की ओर आकर्षित किया।
राजकुमारी शमसा के बाद उनकी बहन राजकुमारी लतीफा ने एक नहीं दो बार राजमहल से भागने की कोशिश की थी। जिसमें से एक बार वो लगभग कामयाब भी हो गईं थी। लतीफा ने पहली बार साल 2002 में भागने की कोशिश की थी। हालांकि वो ओमान के रास्ते भागने की कोशिश करते हुए पकड़ी गई। इसके बाद उसने 2018 में एक बार फिर भागने की कोशिश की।
इस बार लतीफा ने भागने के लिए समुद्र का रास्ता चुना और एक छोटी सी याट लेकर भाग निकली। लतीफा किसी भी तरह से एक ऐसे देश तक पहुंचना चाहती थीं, जहां उसे राजनीतिक शरण मिल सके। लेकिन भारतीय तट पर वो गोवा के पास पकड़ी गई और दुबई के अधिकारी उन्हें जबरदस्ती बेहोश करके अपने साथ वापस ले गए। इसके बाद लतीफा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए एक आजाद जिंदगी जीने की इच्छा जताई थी और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की थी।
इन दो बड़ी घटनाओं के बाद दुबई के शाही परिवार में सबसे बड़ा तूफान साल 2019 में आया। जब शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की तीसरी पत्नी और जॉर्डन की राजकुमारी प्रिंसेस हया बिंत अल हुसैन अपने दो बच्चों को लेकर दुबई से भागकर ब्रिटेन पहुंची और वहां राजनीति शरण की मांग की। ब्रिटेन में राजनीतिक शरण मिलने के बाद हया ने फैमिली कोर्ट में तलाक का केस दायर किया। प्रिंसेस हया ने आरोप लगाया कि शाही राजमहल के अंदर बहुत कुछ ऐसा होता जो उनके बच्चों के लिए सही नहीं है, इसलिए वो अपने पति और दुबई के किंग राशिद अल मकतूम से तलाक चाहती हैं।
राशिद अल मकतूम और प्रिंसेस हया के तलाक का मामला करीब दो साल तक चला। इस दौरान राशिद अल मकतूम ने कई बार हया को न सिर्फ धमकियां दिलवाई बल्कि उनका फोन तक हैक करवाया। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर कई धमकी भरी कविताएं भी लिखी गईं। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 2021 में अदालत ने हया के पक्ष में फैसला सुनाया और उन्हें लगभग 550 मिलियन पाउंड का ऐतिहासिक तलाक समझौता प्रदान किया गया, जिसे ब्रिटिश कानूनी इतिहास के सबसे बड़े सेटलमेंट्स में से एक माना गया।
अब इस कड़ी में नया मामला राशिद अल मकतूम के भतीजे शेख सईद बिन मकतूम का है, जिन्होंने साल 2015 में अजरबैजान की पूर्व राष्ट्रीय जिम्नास्ट जैनब जवादली से शादी की थी। लेकिन 2019 में दोनों का तलाक हो गया था। हालांकि दोनों के बीच उनकी तीन बेटियों की कस्टडी को लेकर मामला अभी भी कोर्ट में है।
कहा जाता है कि 2019 से तलाक के बाद जैनब जवादली ने दुबई के होटल के एक कमरे को अपना घर बना लिया था। वह पिछले 6 साल से उसी होटल के कमरे में अपने बच्चों के साथ रह रही थी। इस दौरान शायद ही उसने उस कमरे से बाहर कदम रखा था। लेकिन हाल ही में 2 जून को दुबई पुलिस ने उन्हें उनके होटल रूम से गिरफ्तार कर लिया। जैनब कहां हैं? किस हाल में हैं? किसी को नहीं पता। यहां तक कि उनकी गिरफ्तारी के बाद उनकी बेटियों को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
दुबई पुलिस ने जैनब जवादली की गिरफ्तारी पर बयान दिया है कि उनकी गिरफ्तारी उनके पूर्व पति शेख सईद बिन मकतूम की शिकायत के बाद किया गया है। सईद ने पुलिस में शिकायत की थी कि उनकी पूर्व पत्नी उनके बच्चों को होटल के कमरों में बंद करके रखती है। इससे बच्चों की मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। पुलिस के मुताबिक उन्होंने बच्चों की मानसिक स्थिति को बचाने के लिए यह कदम उठाया है। हालांकि, पुलिस के कदम को लेकर कई अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने सवाल उठाए हैं। क्योंकि इससे पहले 2025 में जैनब जवादली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर जताया था।
इसे लेकर कोई साफ वजह तो अभी तक समाने नहीं आई है, लेकिन मना जा है कि शाही परिवार को दुनिया का समाने हमेशा परफेक्ट दिखना होता है। जैसे कोई परी कथा। इसके लिए अधिकतर शाही परिवार की महिलाओं को कई तरह के समझौते करने पड़ते हैं, जैसे क्या पहनना और कैसे पहनना है। इसके अलावा परिवार समंभालने की जिम्मेदारी भी महिलाओं की ही होती है।
जबकि पुरुषों को भरपूर आजादी है। दुबई के शाही परिवार में कई ऐसे राजकुमार हैं जो अपनी महंगी लाइफस्टाइल के लिए सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। ये शादीशुदा होने के बाद भी महंगे याट में आए दिन विदेशी मॉडल्स के साथ पार्टी करके नजर आ जाते हैं। जिन्हें इनके वैवाहिक जीवन में दरार का कारण माना जाता है। हालांकि ये सब केवल ऐसी बातें हैं जिनका आधार किसी के पास नहीं है। क्योंकि ऐसा बहुत कम होता है कि शाही महल के अंदर की बातें खुलकर बाहर आए। इसलिए इसे लेकर कुछ दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है।