

White House Shooting Case News In Hindi: अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में एक नया मोड़ आया है। इस हमले के मुख्य आरोपी, 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन ने सोमवार को वाशिंगटन, डीसी की एक संघीय अदालत में पेशी के दौरान खुद को बेगुनाह बताया है। कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी एलन पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास और कानून प्रवर्तन अधिकारियों पर हमले सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
यह घटना 25 अप्रैल को वाशिंगटन हिल्टन में आयोजित एक वीआईपी कार्यक्रम के दौरान हुई थी। जिसमें राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कई कैबिनेट अधिकारी और दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं। रिपोर्ट के अनुसार, एलन ने कार्यक्रम स्थल पर एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर गोली चलाई थी जो एजेंट की बुलेटप्रूफ वेस्ट पर जाकर लगी। गनीमत रही कि बॉल रूम के भीतर मौजूद किसी मेहमान को चोट नहीं आई और सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी की प्रोफाइल ने जांचकर्ताओं को चौंकाया क्योंकि कोल एलन कोई साधारण अपराधी नहीं बल्कि एक उच्च शिक्षित व्यक्ति है। उसने 'कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी' से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन और 'कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी' से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया है। इतना ही नहीं, एलन का नाता नासा से भी रहा है, जहां उसने जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में रिसर्च फेलो के तौर पर काम किया था। इसके अलावा, वह एक सफल रोबोटिक्स टीम का हिस्सा रहा और उसने स्टीम प्लेटफॉर्म के लिए वीडियो गेम भी विकसित किए हैं। लॉस एंजिल्स में एक शिक्षक के रूप में काम करते हुए उसे 'टीचर ऑफ द मंथ' का सम्मान भी मिल चुका था।
संघीय अदालत में एलन के खिलाफ हत्या के प्रयास, राज्य की सीमाओं के पार हथियार ले जाने और हिंसक अपराध के दौरान हथियार चलाने जैसे मामले दर्ज किए गए हैं। यदि वह इन आरोपों में दोषी पाया जाता है तो उसे अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
फिलहाल, एलन को 'सुसाइड वॉच' के तहत रखा गया है। दूसरी ओर, एलन के वकीलों ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच और डीसी यूएस अटॉर्नी जीनिन पिरो को इस केस से हटने की मांग की है। वकीलों का तर्क है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इन अधिकारियों की मौजूदगी उचित नहीं है।