

Highlights:
अमेरिका में ताऊ रोबोटिक्स के ह्यूमनॉइड रोबोट बाथरूम, किचन और बेडरूम की सफाई करेंगे।
एक रोबोट की एक घंटे की सेवा के लिए 30 डॉलर और दो रोबोट के लिए 60 डॉलर खर्च होंगे।
टॉयलेट सफाई के वायरल वीडियो में एक ही कपड़े के इस्तेमाल पर यूजर्स ने हाइजीन को लेकर सवाल उठाए।
Video Viral AI Robot Cleaning Toilet: अमेरिका में अब घर की सफाई के लिए इंसानों की जगह ह्यूमनॉइड रोबोट को बुक किया जा सकता है। ताऊ (Tau) नाम के ये रोबोट ऑनलाइन बुकिंग के बाद घर पहुंचते हैं और बाथरूम, किचन, बेडरूम से लेकर लिविंग रूम तक की सफाई करते हैं। कंपनी के मुताबिक, एक रोबोट को एक घंटे के लिए बुक करने पर करीब 30 डॉलर यानी लगभग 3 हजार रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि, इन रोबोट की सफाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई यूजर्स ने इनकी सफाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
ताऊ रोबोटिक्स के फाउंडर और CEO एलेक्जेंडर कोच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें रोबोट को टॉयलेट साफ करते देखा जा सकता है। कोच के मुताबिक, अब कंपनी की वेबसाइट से इन ह्यूमनॉइड क्लीनर्स को नियमित सब्सक्रिप्शन के तहत बुक किया जा सकता है। एक बार की बुकिंग में सफाई के लिए तीन घंटे तक का समय मिलता है।
कंपनी का दावा है कि उसके रोबोट धूल झाड़ने, वैक्यूम करने, पोंछा लगाने और टॉयलेट साफ करने जैसे काम कर सकते हैं। ये घर के अलावा ऑफिस की सफाई भी कर सकते हैं। बुकिंग के बाद आमतौर पर दो रोबोट घर पहुंचते हैं। कंपनी का एक सुपरवाइजर उन्हें घर के पास छोड़कर चला जाता है। ये रोबोट सीढ़ियां चढ़ने और लिफ्ट का इस्तेमाल करने में भी सक्षम हैं।
कंपनी के मुताबिक, एक रोबोट की एक घंटे की सेवा के लिए 30 डॉलर और दो रोबोट के लिए 60 डॉलर देने होंगे। रोबोट अपने साथ मल्टी-पर्पस क्लीनर और फर्श साफ करने के लिए बिना खुशबू वाला क्लीनर भी लाते हैं। कंपनी का दावा है कि ये पालतू जानवरों के साथ भी सहज रहते हैं।
रोबोट का टॉयलेट साफ करने वाला वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी स्वच्छता पर सवाल उठाए। कुछ लोगों का कहना है कि रोबोट अलग-अलग जगहों पर सफाई के लिए एक ही कपड़े का इस्तेमाल कर रहा है। इससे टॉयलेट के बैक्टीरिया दूसरी जगहों तक फैल सकते हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि वीडियो में टॉयलेट पहले से साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में रोबोट की असली सफाई क्षमता साबित करने के लिए उसे गंदे टॉयलेट की सफाई करते दिखाना चाहिए।