भूकंप ने उजाड़ दिया पूरा इलाका, वेनेजुएला में मरने वालों की संख्या 4,118 हुई; बचाव अभियान अब भी जारी
Venezuela Earthquke: वेनेजुएला में 24 जून को आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 4,118 लोगों की जान जा चुकी है और 16,000 से अधिक घायल हैं। प्रभावित इलाकों में अभी भी भारी मलबा हटाया जा रहा है।
- Written By: अमन उपाध्याय
वेनेजुएला भूकंप तबाह हुई इमारत, डिजाइन फोटो
Venezuela Earthquke Death Toll Rises: वेनेजुएला इस समय अपने आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। 24 जून को आए भीषण भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, हताहतों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है।
वेनेजुएला नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जॉर्ज रोड्रिगेज द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,118 हो गई है। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में अभी भी भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
बेघर हुए लोगों का बढ़ता आंकड़ा
भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश भर में घायलों की कुल संख्या 16,740 तक पहुंच गई है। प्रशासन और बचाव दल अब तक 6,462 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालने में कामयाब रहे हैं। हालांकि, तबाही ने हजारों लोगों के सिर से छत छीन ली है।
सम्बंधित ख़बरें
Trump Iran Warning: सीजफायर खत्म हुआ लेकिन बातचीत रहेगी जारी, ट्रंप की ईरान को चेतावनी
UPI New Zealand: पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, अब न्यूज़ीलैंड में भी चलेगा भारत का अपना UPI पेमेंट
‘भारत और हमारा DNA एक…’, अफगान के मंत्री का बड़ा बयान; पाकिस्तान की बढ़ेगी टेंशन!
China Flood Snakes: चीन में बाढ़ से टूटा फार्म, सड़कों पर तैरने लगे 900 जहरीले सांप, लोग दहशत में
रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 17,907 लोग बेघर हो गए हैं क्योंकि उनके घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं या असुरक्षित घोषित कर दिए गए हैं। वर्तमान में 17,266 लोग देश भर में बनाए गए 89 अस्थायी शिविरों में शरण लिए हुए हैं। सरकार ने अब तक 86,794 प्रभावित परिवारों तक किसी न किसी रूप में मदद पहुंचाई है।
युद्ध स्तर पर जारी है बचाव अभियान
भूकंप के केंद्र और आसपास के इलाकों में राहत कार्य किसी युद्ध स्तर पर चल रहे हैं। पूरे देश में 30,076 सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिन्हें 29,843 स्वयंसेवकों का सहयोग मिल रहा है। इतना ही नहीं, संकट की इस घड़ी में दुनिया भर से 3,454 अंतरराष्ट्रीय बचाव दल के सदस्य भी वेनेजुएला की मदद के लिए जमीन पर मौजूद हैं।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्य भूकंप के बाद से अब तक क्षेत्र में 1,171 छोटे-बड़े झटके महसूस किए जा चुके हैं, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ रही है।
अंतरराष्ट्रीय बिरादरी का मिला साथ
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने इस वैश्विक एकजुटता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि दुनिया के 28 देशों ने आपदा की इस घड़ी में मानवीय मदद की पेशकश की है। राजधानी कराकास में एक विशाल राहत सामग्री संग्रह केंद्र स्थापित किया गया है, जहां 2,000 टन से अधिक अंतरराष्ट्रीय सहायता सामग्री को व्यवस्थित किया जा रहा है।
रोड्रिगेज ने कहा कि वेनेजुएला उन देशों और सरकारों का धन्यवाद करते नहीं थकता जिन्होंने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग के दम पर वेनेजुएला फिर से उठ खड़ा होगा और प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण करेगा।
यह भी पढ़ें:- ‘भारत और हमारा DNA एक…’, अफगान के मंत्री का बड़ा बयान; पाकिस्तान की बढ़ेगी टेंशन!
7 दिनों का राष्ट्रीय शोक
भूकंप के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कार्यवाहक राष्ट्रपति ने सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने भावुक संदेश में लिखा कि इस दुखद घड़ी में सरकार उन लोगों के साथ खड़ी है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। प्रशासन ने बेघर हुए लोगों की मदद के लिए कई और अस्थायी कैंप बनाने का भी निर्णय लिया है ताकि कोई भी खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो।
