

US Navy Fighter Jets Crash In Air Show: अमेरिका में आयोजित एक एयर शो के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो अत्याधुनिक फाइटर जेट आसमान में एक-दूसरे से टकरा गए। यह घटना रविवार को उस समय हुई जब हजारों की संख्या में लोग आसमान में लड़ाकू विमानों के हैरतअंगेज करतब देख रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मचा दिया और दर्शक खौफ में आ गए।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना इडाहो के बोइस के दक्षिण-पूर्व में स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर 'गनफाइटर स्काईज एयर शो' के दौरान हुई। टकराने वाले विमानों में अमेरिकी नौसेना का बोइंग F/A-18E/F सुपर हॉर्नेट और बोइंग EA-18G ग्रोवलर शामिल थे। चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों विमान हवा में एक-दूसरे के बेहद करीब उड़ रहे थे, तभी अचानक वे आपस में उलझ गए। टक्कर होते ही आसमान में चिंगारियां निकलने लगीं और दोनों जेट जमीन पर गिरकर भीषण धमाके के साथ जल उठे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस हादसे के वीडियो में तबाही का खौफनाक मंजर साफ देखा जा सकता है। टक्कर के तुरंत बाद दोनों लड़ाकू विमान आग की लपटों में घिर गए और उनके टुकड़े हवा में बिखर गए। इसके बाद दोनों जेट रनवे के पास जमीन से टकराए, जिससे एक विशाल आग का गोला और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
इस भीषण टक्कर के बावजूद सबसे राहत की बात यह रही कि विमान के चालक दल के सदस्य सुरक्षित बचने में कामयाब रहे। वीडियो और वहां मौजूद लोगों के अनुसार, विमानों के जमीन पर गिरने से ठीक पहले आसमान में चार पैराशूट नीचे की ओर उतरते देखे गए। इससे पता चला है कि दोनों विमानों के पायलटों ने समय रहते अपनी सूझबूझ के साथ 'इजेक्शन' तकनीक का इस्तेमाल कर विमान से बाहर निकल आए। विमानन सूत्रों ने पुष्टि की है कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, हालांकि हताहतों या अन्य चोटों के संबंध में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत माउंटेन होम एयर फोर्स बेस को लॉकडाउन कर दिया गया। रविवार दोपहर लगभग 1:20 बजे, माउंटेन होम पुलिस विभाग ने जनता को सूचित किया कि कार्यक्रम को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है।
बता दें कि गनफाइटर स्काईज एयर शो एक प्रमुख सार्वजनिक विमानन कार्यक्रम है और यह दुर्घटना इसके दूसरे दिन हुई। वर्तमान में प्रशासन और सैन्य अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि हवा में इतनी पास उड़ान भरते समय यह चूक कैसे हुई।