

US Iran Deal Latest News In Hindi: अमेरिका, ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से व्यापार के लिए खोलने के एक अंतरिम समझौते के करीब पहुंच गए हैं। सूत्रों के अनुसार, अमेरिका आज यानी बुधवार, 5 अगस्त को इस ऐतिहासिक डील की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। यह समझौता ऐसे समय में आया है जब पूरी दुनिया महंगे ईंधन की मार झेल रही है।
अमेरिकी न्यूज़ वेबसाइट ‘एक्सियोस’ ने एक अमेरिकी अधिकारी और दो क्षेत्रीय सूत्रों के हवाले से इस संभावित डील का खुलासा किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इस समझौते की जानकारी साझा करेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता न केवल तेल आपूर्ति को सुगम बनाएगा, बल्कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव को कम करने और परमाणु वार्ता को फिर से पटरी पर लाने की दिशा में पहला बड़ा कदम साबित हो सकता है।
इस डील के तहत फिलहाल 60 दिनों की एक अंतरिम व्यवस्था की गई है, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है। समझौते की प्रमुख शर्तें इस प्रकार हैं:
जहाजों का मार्ग: खाड़ी की ओर जाने वाले सभी जहाज ईरानी जलक्षेत्र से होकर उत्तरी लेन का उपयोग करेंगे। वहीं, अरब सागर की ओर जाने वाले जहाजों को ओमान के जलक्षेत्र से गुजरना होगा, जिसके लिए ईरान के साथ तालमेल बिठाया जाएगा।
कोई शुल्क नहीं: इस 60 दिनों की प्रारंभिक अवधि के दौरान किसी भी जहाज से कोई टोल या अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बारूदी सुरंगों की सफाई: समझौते के तहत दोनों देश अगले 30 दिनों के भीतर होर्मुज की ‘मीडियन लेन’ से नौसैनिक बारूदी सुरंगों को हटाने का काम पूरा करेंगे।
स्थायी समाधान की ओर: बीच की लेन साफ होने के बाद, जहाज ओमान और ईरान के बीच तय की जाने वाली स्थायी व्यवस्था के तहत वहां से आ-जा सकेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस डील के जरिए ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य में पहले के मुकाबले अधिक नियंत्रण मिल सकता है। यह नियंत्रण ईरान की उन मांगों का हिस्सा है जो वह युद्ध की स्थिति से पहले से करता रहा है। इस समझौते को अमेरिका और ईरान के बीच ‘सीजफायर’ की दिशा में एक सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।