

US F-15 Fighter Jet Failed to Shoot Down Iran Shahed Drone: अमेरिका को हथियारों के मामले में दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश माना जाता है। लेकिन हाल ही में उसके एफ-15 फाइटर जेट इराक के आसमान में एक बार फिर बेइज्जत का सामना करना पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी एफ-15 फाइटर जेट ईरान के शाहेद-136 ड्रोन को रोकने में नाकाम रहा, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
ईरान की सरकारी प्रसारक संस्था Press TV ने इस घटना का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अमेरिकी F-15 जेट इराक के आसमान में ड्रोन का पीछा कर रहा है, लेकिन उसे इंटरसेप्ट करने में सफल नहीं हो पाता। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दोनों देशों की सैन्य ताकतों को लेकर बहस छेड़ रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि, शाहेद-136 ड्रोन कम ऊंचाई पर उड़ते हुए लगातार दिशा बदलता है, जिससे F-15 फाइटर जेट उसे निशाना नहीं बना पाता। बताया जा रहा है कि यह घटना उत्तरी इराक, खासकर एरबिल के आसपास हुई, जहां ड्रोन ने एक तेल सुविधा को निशाना बनाने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में धुआं उठता देखा गया।
शाहेद-136 ड्रोन को ईरान ने कम लागत में तैयार किया है, जिसकी कीमत करीब 20,000 डॉलर बताई जाती है। इसके मुकाबले एफ-15 फाइटर जेट की कीमत करोड़ों डॉलर में होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक युद्ध में ऐसे सस्ते ड्रोन, जो कम ऊंचाई पर उड़ते हैं और रडार से बच सकते हैं, महंगे फाइटर जेट्स के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव चरम पर है। हाल के हफ्तों में ईरान ने कई बार दावा किया है कि उसने अमेरिकी और इजरायली ड्रोन और जेट्स को निशाना बनाया है। हालांकि, इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन सामने आए वीडियो ने आधुनिक युद्ध की बदलती रणनीतियों और तकनीकी चुनौतियों पर नई बहस को जरूर छेड़ दिया है।