कुवैत में अमेरिका ने समेटा अपना बोरिया-बिस्तर (Image- Social Media)
US Embassy Shutdown: कुवैत में स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार, 2 मार्च 2026 की सुबह जवाबी हमलों की आशंका के बीच सभी कांसुलर सेवाएं निलंबित कर दीं और अपने परिसर को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों कथित तौर पर “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” के बाद मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। स्थानीय समयानुसार लगभग 11:30 बजे बायन जिले में दूतावास की सुरक्षित परिधि के पास काला धुआं उठता देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल और एम्बुलेंस पहुंचने से पहले तेज सायरन और कम से कम दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि दूतावास ने अपने मुख्य भवन पर सीधे हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट वीडियो में एक बाहरी सहायक इमारत के पास आग दिखाई दे रही है। एहतियातन सभी नियमित वीजा और अमेरिकी नागरिक सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी गई हैं।
U.S. Department of State ने स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) के जरिये लेवल-4 सुरक्षा बुलेटिन जारी कर कुवैत में मौजूद मिशन कर्मियों और अमेरिकी नागरिकों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रहने का निर्देश दिया है। चेतावनी में कहा गया है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बना हुआ है, इसलिए दूतावास न आएं और अपने आवास के निचले तल पर खिड़कियों से दूर शरण लें।
रिपोर्टों के मुताबिक, ये हमले ईरान और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों की व्यापक जवाबी कार्रवाई का हिस्सा हो सकते हैं। अमेरिकी-इजरायली हमलों और ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाए जाने की खबरों के बाद तेहरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर फोकस बढ़ा दिया है।
Kuwait Ministry of Defense ने पुष्टि की है कि सोमवार सुबह हुई तीव्र हवाई गतिविधियों के दौरान कुवैती सीमा के भीतर कम से कम एक F-15E Strike Eagle सहित कई अमेरिकी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए। कुवैती वायु रक्षा बलों ने रुमैथिया और सलवा इलाकों के ऊपर कई ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है, हालांकि गिरते मलबे से नागरिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना है। इसी तरह की सुरक्षा चिंताओं के चलते एरबिल और दुबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
यह भी पढ़ें- नेतन्याहू के दफ्तर पर ईरान ने किया मिसाइल से हमला, इजरायल को लेकर IRGC का बड़ा दावा
कुवैत, जहां कैंप अरिफजान और अली अल सलेम एयर बेस पर हजारों अमेरिकी सैनिक तैनात हैं, के लिए यह घटनाक्रम गंभीर रणनीतिक चुनौती का संकेत है। अमेरिकी विदेश विभाग ने दूतावास दोबारा खोलने की कोई समयसीमा नहीं दी है और कहा है कि सुरक्षा माहौल अभी भी अस्थिर है। कुवैत में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को कम से कम तीन दिन का भोजन और पानी जमा रखने तथा अगली सूचना तक घर के भीतर रहने की सलाह दी गई है।