US Election: कमला हैरिस ने मानी अपनी हार, दी डोनाल्ड ट्रंप को बधाई, शांति से सत्ता सौंपने का किया प्रॉमिस
राष्ट्रपति पद की दौड़ में डोनाल्ड ट्रंप से हार स्वीकार करने के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने समर्थकों से चुनाव परिणामों को स्वीकार करने का आग्रह किया और रिपब्लिकन पार्टी के नेता को सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण सुनिश्चित करने का वचन दिया है।
- Written By: राहुल गोस्वामी
Updated On:
Nov 07, 2024 | 10:16 AM
डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस
वाशिंगटन: राष्ट्रपति पद की दौड़ में डोनाल्ड ट्रंप से हार स्वीकार करने के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने समर्थकों से चुनाव परिणामों को स्वीकार करने का आग्रह किया और रिपब्लिकन पार्टी के नेता को सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण सुनिश्चित करने का वचन दिया है। वहीं हॉवर्ड विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा रहीं हैरिस (60) ने विश्वविद्यालय में एक भावुक संबोधन में कहा कि ‘‘अमेरिका के लिए किए गए वादे की रोशनी हमेशा जलती रहेगी” और उन्होंने इस अभियान को बढ़ावा देने वाली ‘‘लड़ाई” को जारी रखने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही हैरिस ने अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाने के प्रयास में उन्होंने कहा, ‘‘आज मेरा दिल भरा हुआ है। आपने मुझ पर जो विश्वास जताया है उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। मेरे दिल में अपने देश के लिए प्रेम और दृढ़ संकल्प है। इस चुनाव का नतीजा वह नहीं है जो हम चाहते थे, न ही वह जिसके लिए हमने लड़ाई लड़ी थी और न ही वह जिसके लिए हमने वोट दिया था। लेकिन जब मैं आपसे कहती हूं तो मेरी बात सुनिए तो अमेरिका के लिए किए गए मेरे वादे की लौ हमेशा जगमगाती रहेगी।”
यहां पढ़ें – US राष्ट्रपति चुनाव : बाइडन ने ट्रंप को किया फोन, दी जीत की बधाई, हैरिस से बोले- आप असाधारण नेता
उन्होंने यह भी कहा कि, ‘‘मैं जानती हूं कि लोग इस समय कई तरह की भावनाओं को महसूस कर रहे हैं। मैं समझती हूं। लेकिन हमें इस चुनाव के नतीजों को स्वीकार करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का एक बुनियादी सिद्धांत चुनाव के नतीजों को स्वीकार करना है। हैरिस ने कहा कि उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की और उन्हें उनकी जीत पर बधाई दी।
हैरिस ने कहा, ‘‘मैंने ट्रंप से कहा कि हम उन्हें और उनकी टीम को सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया में मदद करेंगे तथा हम सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण करेंगे।” उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में हमारी निष्ठा किसी राष्ट्रपति या पार्टी के प्रति नहीं बल्कि अमेरिका के संविधान के प्रति है।” हैरिस ने कहा, ‘‘मैं इस चुनाव को स्वीकार करती हूं, लेकिन मैं उस लड़ाई को स्वीकार नहीं करती जिसने इस अभियान को बढ़ावा दिया।”
यहां पढ़ें – भारतीय मूल के काश पटेल बनेंगे अगले CIA चीफ
हैरिस ने अपने समर्थकों से देश के मूलभूत सिद्धांतों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया। ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान के संचार निदेशक स्टीवन चेउंग ने कहा, ‘‘नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप ने पूरे अभियान के दौरान उपराष्ट्रपति हैरिस के दृढ़, पेशेवर अंदाज और मजबूती से अपनी रखने की क्षमता की सराहना की और दोनों नेता देश को एकजुट करने के महत्व पर सहमत हुए।”
जानकारी दें कि इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान असाधारण परिस्थितियों में ऐतिहासिक अभियान का नेतृत्व करने के लिए बुधवार को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की सराहना की थी। बाइडन ने अपने एक बयान में कहा था कि, ‘‘अमेरिका ने आज जिन्हें देखा वह वो कमला हैरिस थीं जिन्हें मैं जानता हूं और जिनकी मैं बहुत प्रशंसा करता हूं। वह एक जबरदस्त साथी और ईमानदार, साहस तथा गुणों से भरी लोक सेवक रही हैं।उन्होंने इस राष्ट्रपति चुनाव में असाधारण परिस्थितियों में आगे बढ़कर एक ऐतिहासिक अभियान का नेतृत्व किया।”
बाइडन ने यह भी कहा था कि, ‘‘वह उद्देश्य, दृढ़ संकल्प और खुशी के साथ लड़ाई जारी रखेंगी। वह सभी अमेरिकियों के लिए विजेता बनी रहेंगी। सबसे बढ़कर, वह एक ऐसी नेता बनी रहेंगी, जिसे हमारे बच्चे आने वाली पीढ़ियों तक देखेंगे क्योंकि वह अमेरिका के भविष्य पर अपनी मुहर लगाती हैं।”
गौरतलब है कि, डोनाल्ड ट्रंप बीते बुधवार को एक बार फिर अमेरिका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। वहीं उनकी जीत को अमेरिकी इतिहास में किसी नेता की सबसे बड़ी राजनीतिक वापसी करार दिया गया है।राष्ट्रपति चुनाव के एक कड़े मुकाबले में ट्रंप अपनी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को मात देने में कामयाब रहे। (एजेंसी इनपुट के साथ)
Us election results donald trump president kamala harris speech
Get Latest Hindi News , Maharashtra News , Entertainment News , Election News , Business News , Tech , Auto , Career and Religion News only on Navbharatlive.com
Published On:
Nov 07, 2024 | 10:15 AM
