

Turkey Unveils First ICBM Yildirimhan Missile Explained: ग्लोबल डिफेंस सेक्टर में अपनी धाक जमाने के लिए तुर्किये ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस्तांबुल में आयोजित 'साहा 2026 इंटरनेशनल डिफेंस एंड एयरोस्पेस' प्रदर्शनी में तुर्किये ने अपनी पहली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) 'यिल्डिरिमहन' (Yildirimhan) को पेश किया है।
तुर्की भाषा में 'यिल्डिरिमहन' का अर्थ बिजली होता है और यह मिसाइल अपने नाम के तरह ही विध्वंसक क्षमताओं से लैस है। इस प्रोटोटाइप के अनावरण के साथ ही तुर्किये अब उन चुनिंदा देशों की कतार में शामिल होने की ओर बढ़ गया है। जिनके पास लंबी दूरी तक मार करने वाली आधुनिक रक्षा तकनीक मौजूद है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस यिल्डिरिमहन मिसाइल की मारक क्षमता 6,000 किलोमीटर है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार, 5,500 किमी से अधिक रेंज वाली मिसाइलों को ICBM की श्रेणी में रखा जाता है और इस लिहाज से यह तुर्किये की अपनी पहली अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल है। यदि इसे तुर्किये से लॉन्च किया जाता है तो यह एशिया, यूरोप और अफ्रीका के बड़े हिस्सों में अपने लक्ष्य को आसानी से भेद सकती है।
इसकी सबसे बड़ी खूबी इसकी रफ्तार है। यह मिसाइल 'मैक 25' की अधिकतम गति से चल सकती है जो ध्वनि की गति से लगभग 25 गुना अधिक है। यह चार रॉकेट प्रणोदन इंजनों द्वारा संचालित होती है और इसमें ईंधन के रूप में लिक्विड नाइट्रोजन टेट्रोक्साइड का उपयोग किया जाता है। साथ ही, यह 3,000 किलोग्राम तक का पेलोड (हथियार) ले जाने की क्षमता रखती है।
तुर्किये के रक्षा मंत्री यासर गुलर के अनुसार, यह मिसाइल देश की सुरक्षा के साथ-साथ सहयोगियों को तकनीकी और आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। विशेषज्ञों का मानना है कि मीडिल ईस्ट के तनाव को देखते हुए तुर्किये अब विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम करके अपनी रणनीतिक स्वतंत्रता बढ़ाना चाहता है। यह विकास तुर्किये को एक ऐसी वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करेगा जो बिना किसी बाहरी दबाव के अपनी रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम होगा।
हालांकि, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि अभी केवल इस मिसाइल का प्रोटोटाइप या 'मॉक-अप' पेश किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तक इसके कोई पुख्ता उड़ान परीक्षण नहीं हुए हैं और इसके कई महत्वपूर्ण सब-सिस्टम का विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सुरक्षा विश्लेषक बुरक यिल्डिरिम के अनुसार, 'यिल्डिरिमहन' का डिजाइन तुर्किये के नागरिक अंतरिक्ष कार्यक्रम (Delta-V) के लिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने और बैलिस्टिक मिसाइल की तकनीक में काफी समानता होती है। वर्तमान में तुर्किये ने इस मिसाइल का उत्पादन शुरू नहीं किया है लेकिन यह घोषणा स्पष्ट रूप से दुनिया को तुर्किये के भविष्य के सैन्य इरादों और उसकी बढ़ती सैन्य ताकत का संकेत दे रही है।