अब और नरमी नहीं चलेगी… ट्रंप का ईरान को ‘विनाशकारी’ धमकी, परमाणु डील ठुकराई तो राख कर देंगे बिजली प्लांट
Trump Warns Iran: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को परमाणु समझौते पर अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि बात न मानने पर ईरान के सभी बुनियादी ढांचे, बिजली संयंत्रों और पुलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाएगा।
- Written By: अमन उपाध्याय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Trump Warns Iran Threat Power Plants: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रति अपनी अब तक की सबसे आक्रामक नीति का खुलासा किया है। रविवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ट्रंप ने ईरान को सीधा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि उसने प्रस्तावित परमाणु समझौते को स्वीकार नहीं किया तो उसे इसके ‘विनाशकारी’ परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने अपने चिर-परिचित अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा, ‘अब और नरमी नहीं बरती जाएगी’ (NO MORE MR NICE GUY!)।
सीजफायर के उल्लंघन पर भड़के ट्रंप
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा की गई अपनी पोस्ट में ईरान पर संघर्षविराम समझौते के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने हाल ही में ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) में गोलीबारी की है जो सीधे तौर पर मौजूदा सीजफायर समझौते का उल्लंघन है। ट्रंप के अनुसार, ईरान द्वारा दागी गई कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और यूनाइटेड किंगडम के एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाकर चलाई गई थीं। राष्ट्रपति ने तंज कसते हुए कहा कि ईरान का यह व्यवहार ‘बिल्कुल भी ठीक नहीं था’।
ट्रम्प ट्रुथ पोस्ट
सम्बंधित ख़बरें
Abraham Accords: ट्रंप का बड़ा दावा, ऐतिहासिक अब्राहम अकॉर्ड्स में जल्द शामिल हो सकता है लेबनान
Iran Attack Kuwait: ईरान ने कुवैत के वाटर प्लांट्स पर किया बड़ा हमला, 90% आबादी के सामने जल संकट
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच पाकिस्तान ने शुरू की सौदेबाजी! अमेरिका से मांगे 10 अरब डॉलर
IRGC का बड़ा दावा: अमेरिकी सेना जहाजों को कर रही गुमराह, दो तेल टैंकर धमाके की चपेट में आए
ईरान के बुनियादी ढांचे को तबाह करने की धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सैन्य कार्रवाई की जो रूपरेखा पेश की है वह बेहद आक्रामक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि ईरान नई परमाणु डील को ठुकराता है तो अमेरिकी सेना ईरान के ‘हर एक बिजली संयंत्र और हर एक पुल’ को पूरी तरह से नष्ट कर देगी।
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यह कार्रवाई बहुत ‘तेज और आसान’ होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह वह सब करने के लिए तैयार हैं जो पिछले 47 वर्षों में अन्य राष्ट्रपतियों को कर देना चाहिए था। उनका मुख्य उद्देश्य ‘ईरान की किलिंग मशीन’ (Iran Killing Machine) को हमेशा के लिए समाप्त करना है।
आर्थिक नाकेबंदी और इस्लामाबाद में वार्ता
ट्रंप ने जानकारी दी कि उनके प्रतिनिधि अगले दौर की बातचीत और वार्ताओं के लिए कल शाम पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अमेरिका द्वारा लगाई गई आर्थिक नाकेबंदी के कारण ईरान को प्रतिदिन 500 मिलियन डॉलर का भारी नुकसान हो रहा है।
ट्रंप ने कहा कि ईरान का होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना ‘अजीब’ है क्योंकि अमेरिकी नाकेबंदी ने इसे पहले ही प्रभावी रूप से बंद कर दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान स्थिति के कारण कई मालवाहक जहाज अब ईरान के बजाय अमेरिका के टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की ओर रुख कर रहे हैं।
ठोस कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार
ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका एक ‘बहुत ही उचित और तर्कसंगत’ समझौते की पेशकश कर रहा है। अब यह पूरी तरह ईरान पर निर्भर करता है कि वह कूटनीतिक रास्ता चुनता है या फिर अपने देश के पूरे बुनियादी ढांचे को खोने का जोखिम उठाता है। ट्रंप के इस रुख ने यह साफ कर दिया है कि वह अब ईरान के मामले में किसी भी प्रकार की रियायत देने के मूड में नहीं हैं और ठोस कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
