चीन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा अमेरिका! ईरान की मदद करने पर भड़के ट्रंप, बोले- माफ नहीं करूंगा

US-China Tensions: राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को हथियार देने पर चीन को 50% टैरिफ की चेतावनी दी है। वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी करने की तैयारी कर रहा है।
US Will Impose 50 Percent Tariff on China
अमेरिका ने चीन को 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US Will Impose 50 Percent Tariff on China: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से जुड़े बढ़ते तनाव के बीच चीन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चीन, ईरान को हथियार उपलब्ध कराते हुए पाया गया, तो उस पर 50 प्रतिशत तक भारी शुल्क लगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने चीन को यह विकल्प भी दिया कि वह अमेरिका से सस्ता तेल खरीद सकता है।

Fox News को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल हो चुकी है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर तनाव काफी बढ़ गया है।

चीन पर ईरान की मदद का शक

चीन द्वारा ईरान को सैन्य मदद देने की आशंका पर ट्रंप ने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो इसके गंभीर और तुरंत परिणाम होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि चीन ऐसा करते हुए पकड़ा गया, तो उस पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाएगा। खुफिया आकलनों के अनुसार, चीन ईरान को हवाई रक्षा प्रणालियाँ भेजने की तैयारी कर सकता है और संभव है कि यह आपूर्ति तीसरे देशों के माध्यम से की जाए। इस बीच ट्रंप अगले महीने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बातचीत के लिए बीजिंग जाने वाले हैं।

पहले भी टैरिफ को हथियार बना चुका हैं ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप पहले भी टैरिफ को एक भू-राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर चुके हैं, लेकिन किसी चल रहे संघर्ष में सैन्य सहायता को सीधे व्यापारिक दंड से जोड़ना एक नया संकेत माना जा रहा है।

चेतावनी देने के साथ ही ट्रंप ने चीन को प्रतिस्पर्धी दरों पर तेल देने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास पर्याप्त क्षमता है और वह ईरान से भी कम कीमत पर तेल उपलब्ध करा सकता है। 

यह घटनाक्रम इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद सामने आया, जो बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने किया। उन्होंने बताया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी।

होर्मुज की नाकेबंदी करेगा अमेरिका

ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अड़ा हुआ है और उसने संघर्ष विराम से जुड़ी शर्तों को भी नहीं माना, जिनमें होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलना शामिल था। बातचीत विफल होने के बाद ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी का आदेश दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com