ईरान आए या न आए, मुझे फर्क नहीं पड़ता! वार्ता फेल होने पर ट्रंप का रौद्र रूप, परमाणु बम पर दी अंतिम चेतावनी

Donald Trump ने ईरान वार्ता विफल होने पर कहा कि उन्हें तेहरान के लौटने की परवाह नहीं है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा।
Trump on Iran Nuclear Weapon
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Trump on Iran Nuclear Weapon: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने सोमवार को कहा कि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि पाकिस्तान में चल रही शांति वार्ता नाकाम होने के बाद ईरान बातचीत की टेबल पर लौटता है या नहीं। फ्लोरिडा से लौटने के बाद, जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे वापस आते हैं या नहीं। अगर वे वापस नहीं आते हैं तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं है।" 

ट्रंप ने पाकिस्तान में हुई वार्ता पर कहा कि "ईरान ने संकेत दिया है कि वह परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश कर रहा है।" उन्होंने जोर देकर कहा, "वे अब भी इसे चाहते हैं और पिछली रात उन्होंने यह बात साफ कर दी थी। लेकिन ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।" इससे पहले भी, जब अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद में ईरान के साथ बातचीत कर रहा था, ट्रंप ने कहा था कि "तेहरान के साथ कोई समझौता हो या न हो, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।"

अमेरिका की ही होगी जीत: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शनिवार को वाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से कहा, "चाहे कुछ भी हो, जीत हमारी ही होगी।" उन्होंने आगे कहा, "हो सकता है कि वे कोई समझौता कर लें, या हो सकता है कि न करें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। अमेरिका के नजरिए से देखें तो जीत हमारी ही होगी।" वहीं, जॉइंट बेस एंड्रयूज में उन्होंने कहा, "ईरान अब बहुत खराब हालत में है और वो काफी व्याकुल हैं। हमने उनके साथ 21 घंटे तक बात की है और हम उनकी स्थिति को बहुत अच्छे से समझते हैं।"

डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा, "वो बहुत खराब हालत में हैं। और एक बात जो साफ शब्दों में समझने की जरूरत है, वह यह है कि ईरान के पास किसी भी हाल में परमाणु हथियार नहीं होगा। हम ऐसा नहीं होने देंगे। ऐसा कोई भी रास्ता नहीं है जिससे वे परमाणु हथियार हासिल कर सकें। हमने पिछली रात बातचीत के दौरान उनके सामने यह बिल्कुल साफ कर दिया है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।"

21 घंटे तक बातचीत के बाद वार्ता फेल

पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच लगभग 21 घंटे तक बातचीत चली थी, लेकिन दोनों देश किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाए। अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने पत्रकारों से कहा, "सीधी सी बात यह है कि हमें उनकी तरफ से एक पक्का वादा चाहिए कि वे न तो परमाणु हथियार बनाने की कोशिश करेंगे, और न ही ऐसे साधन जुटाएंगे जिनकी मदद से वे तेजी से परमाणु हथियार हासिल कर सकें।"

Navbharat Live
navbharatlive.com