ट्रंप ने मानी मुनीर की बात...बढ़ाई सीजफायर की मियाद, होर्मुज पर जारी रहेगी नाकाबंदी; बोले- बंटा हुआ है तेहरान

Trump Extends Iran Ceasefire: ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्षविराम की अवधि बढ़ा दी है। पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद लिए गए इस फैसले का उद्देश्य ईरान को शांति वार्ता के लिए अतिरिक्त समय देना है।
Trump Extends Ceasefire Deadline
ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को बढ़ाया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Trump Extends Ceasefire Deadline: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए ईरान के साथ जारी संघर्षविराम (सीजफायर) की अवधि बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि यह कदम ईरान को बातचीत के लिए एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने का अतिरिक्त समय देने के लिए उठाया गया है। इस फैसले की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दी।

ट्रंप के अनुसार, यह निर्णय पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर लिया गया। उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार फिलहाल “गंभीर रूप से विभाजित” नजर आ रही है और उसे स्पष्ट रुख अपनाने के लिए समय चाहिए।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

अपनी पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने लिखा कि ईरानी नेतृत्व को एकजुट प्रस्ताव तैयार करने का मौका देने के लिए अमेरिका ने हमले रोकने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकाबंदी जारी रहेगी और सेना को हर स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में कूटनीतिक बातचीत को बढ़ावा देने के लिए यह सीजफायर लागू किया गया था, लेकिन दोनों देशों के बीच अविश्वास के चलते हालात अब भी नाजुक बने हुए हैं।

जेडी वेंस का पाकिस्तान दौरा टला

इसी बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का पाकिस्तान दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। यह दौरा ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के मद्देनजर प्रस्तावित था, लेकिन तेहरान की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।

वहीं, ईरान ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ वार्ता दोबारा शुरू करेगा या नहीं। ईरानी संसद अध्यक्ष के एक सलाहकार ने ट्रंप के फैसले की आलोचना करते हुए इसे “अचानक हमले की तैयारी के लिए समय लेने की रणनीति” बताया। उन्होंने कहा कि नाकाबंदी जारी रखना बमबारी के बराबर है और इसका जवाब दिया जाना चाहिए।

आज खत्म होने वाला था सीजफायर

बता दें कि फरवरी के अंत में शुरू हुए तनाव के बाद पाकिस्तान की मध्यस्थता से 8 अप्रैल को दो हफ्ते का सीजफायर लागू हुआ था, जिसकी अवधि 22 अप्रैल को खत्म होने वाली थी। अब इसके बढ़ने के साथ ही प्रस्तावित शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com