युद्ध पर ब्रेक! थाईलैंड-कंबोडिया सीजफायर पर राजी, मलेशिया ने ठोका बड़ा दावा

Thailand Cambodia Conflict: मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन ने कहा है कि थाईलैंड और कंबोडिया युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों के शीर्ष नेता सोमवार को मलेशिया में मुलाकात कर आगे की...
युद्ध पर ब्रेक! थाईलैंड-कंबोडिया सीजफायर पर राजी, मलेशिया ने ठोका बड़ा दावा
मलेशिया का दावा थाईलैंड-कंबोडिया सीजफायर पर राजी, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Updated on

Thailand Cambodia ceasefire: पिछले चार दिनों से एशिया महाद्वीप में थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर जारी संघर्ष अब थमता नजर आ रहा है। मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन ने बताया है कि दोनों देशों ने तनाव कम करने और समाधान निकालने के लिए मलेशिया को मध्यस्थ के रूप में मान्यता दे दी है। हालांकि, इसी बीच दोनों देशों ने एक-दूसरे पर फिर से तोपखाने से हमला करने का आरोप भी लगाया है।

मलेशिया के विदेश मंत्री हसन ने जानकारी दी कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई सोमवार को मलेशिया की यात्रा करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच पारस्परिक हितों से जुड़े विषयों पर बातचीत होगी।

दोनो देशों के विदेश मंत्रियों से की बात

हसन ने कहा, "दोनों देशों ने मलेशिया पर विश्वास जताते हुए मुझे मध्यस्थ की भूमिका निभाने का अनुरोध किया है। मैंने थाईलैंड और कंबोडिया के विदेश मंत्रियों से भी बातचीत की है, और वे भी इस विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के पक्ष में हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि इस मामले में किसी बाहरी देश की भूमिका नहीं होनी चाहिए।" गौरतलब है कि शुक्रवार को मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, जो इस समय आसियान (ASEAN) मंच की अध्यक्षता कर रहे हैं, ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष विराम का प्रस्ताव रखा था।

कंबोडिया ने जाहिर की सहमति

कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ युद्धविराम के लिए सहमति जाहिर की है। इस संबंध में कंबोडियाई प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें दोनों देशों की सेनाओं और नागरिकों के लिए एक सकारात्मक खबर दी गई। पोस्ट में बताया गया कि थाईलैंड ने अमेरिकी राष्ट्रपति के युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

बीते शनिवार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच बढ़ते तनाव को लेकर दोनों देशों के नेताओं से बातचीत की है। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में ट्रंप ने बताया कि उन्होंने कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट से थाईलैंड के साथ चल रहे संघर्ष को रोकने पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई से भी संपर्क कर युद्ध समाप्त करने की अपील की। ट्रंप ने यह भी कहा कि कंबोडिया की ही तरह थाईलैंड भी तत्काल युद्धविराम और शांति का पक्षधर है।

अब तक 32 से अधिक लोगों की मौत

थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर चार दिन पहले हुए टकराव में अब तक 32 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें दोनों देशों के नागरिक शामिल हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद सीमा के नजदीकी इलाकों से दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com