ट्रंप की मौजूदगी में हुआ था ‘पीस डील’, अब फिर चली गोलियां...थाईलैंड-कंबोडिया में बढ़ा तनाव

Thailand Cambodia Clash: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में हुआ थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौता अब संकट में है। समझौते के महज दो हफ्ते बाद सीमा पर फिर हिंसा भड़क गई है।
A 'peace deal' was struck in Trump's presence, but now shots are fired again... tensions escalate between Thailand and Cambodia.
थाईलैंड-कंबोडिया में फिर बढ़ा तनाव, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Thailand Cambodia Conflict:  दक्षिण-पूर्व एशिया के दो पड़ोसी देशों थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए शांति समझौते के महज दो हफ्ते बाद सीमा पर हिंसक झड़पें फिर शुरू हो गई हैं।

10 से 12 नवंबर के बीच सीमा पर कई घटनाएं हुईं, जिनसे युद्धविराम की स्थिरता पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने सोमवार (10 नवंबर) को कंबोडिया से औपचारिक माफी की मांग की है। मंत्रालय का आरोप है कि कंबोडिया ने नई बारूदी सुरंगें बिछाई हैं, जिनकी जद में आने से एक थाई सैनिक घायल हो गया।

कंबोडिया के एक व्यक्ति की मौत

वहीं, बुधवार 12 नवंबर को थाई सीमा पर हुई झड़प में कंबोडिया के एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी शुरू करने का आरोप लगाया है। थाई मीडिया 'नेशन थाइलैंड' के मुताबिक, थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विन्थाई सुवारी ने दावा किया कि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले गोलीबारी की। थाई बलों ने जवाबी कार्रवाई में चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं। घटना करीब 10 मिनट चली और उसके बाद शांति बहाल हो गई।

घटनाओं से बचने का आग्रह

थाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता निकोर्नदेज बालनकुरा ने बुधवार को बताया कि हमने कंबोडिया से कहा है कि वे जांच करें कि वास्तव में क्या हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने का आग्रह किया गया है। दूसरी ओर, ‘कंबोडिया डेली’ ने रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता माली सोचेता के हवाले से कहा कि थाई सैनिक जिस स्थान पर घायल हुए, वहां पहले से दशकों पुरानी बारूदी सुरंगें थीं। उन्होंने कहा कि यह कोई नई सैन्य गतिविधि नहीं थी बल्कि पुराने युद्धकाल की छोड़ी गई सुरंगों का असर था।

आरोपों को किया गया खारिज

कंबोडिया ने थाईलैंड के आरोपों को सिरे से खारिज किया है और अक्टूबर में हुए समझौते का पालन करने का आग्रह किया है। यह समझौता दोनों देशों के बीच पांच दिन चली लड़ाई को रोकने के लिए किया गया था।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:50 बजे (स्थानीय समयानुसार) थाई सैनिकों ने सीमावर्ती गांव के पास गोलीबारी की जिसमें एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल हुए। विवादित इलाका थाईलैंड के सा काओ प्रांत के बान नोंग या काऊ गांव और कंबोडिया के बंतेय मींचे प्रांत के प्रेय चान गांव के बीच स्थित है। यह इलाका पहले भी कई बार दोनों देशों के बीच तनाव का केंद्र रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com