ताइवान के मेट्रो स्टेशन पर ग्रेनेड और चाकू से हमला, 9 लोग घायल; परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति

Taiwan Metro Attack: ताइवान की राजधानी ताइपे में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक संदिग्ध ने व्यस्त मेट्रो स्टेशन के पास स्मोक ग्रेनेड फेंके और चाकू लहराते हुए लोगों पर हमला कर दिया।
An attack involving smoke grenades and knives at a Taiwan metro station leaves 9 injured; panic ensues at the station.
ताइवान मेट्रो स्टेशन पर स्मोक ग्रेनेड और चाकू से हमला, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Taiwan News In Hindi: ताइवान की राजधानी ताइपे में शुक्रवार को एक गंभीर घटना घटी है। जब शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास स्थित ताइपे मेन सबवे स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने स्मोक ग्रेनेड फेंककर और चाकू से लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस हमले में कम से कम नौ लोग घायल हो गए जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, संदिग्ध ने सबसे पहले मेट्रो स्टेशन के भीतर स्मोक ग्रेनेड फेंके, जिससे स्टेशन में मौजूद यात्रियों और पैदल यात्रियों में दहशत फैल गई। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ ही मिनटों में स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

चीखने-चिल्लाने लगे लोग

ब्रॉडकास्टर ईबीसी द्वारा जारी फुटेज में देखा गया कि संदिग्ध मेट्रो से एक स्टॉप आगे तक गया फिर स्टेशन से बाहर निकलकर सड़क पर भी स्मोक ग्रेनेड फेंके। वीडियो में वह व्यक्ति हाथ में चाकू लिए हुए पैदल चलने वालों की ओर उसे लहराता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद वह एक दुकान में घुस गया जिससे आसपास मौजूद लोग चीखने-चिल्लाने लगे और मौके पर अफरा-तफरी और बढ़ गई। ताइपे के मेयर चियांग वान-आन ने बताया कि घायलों में से चार की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि गिरफ्तारी के डर से संदिग्ध किसी इमारत से कूद सकता है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता के साथ अभियान चला रही हैं।

वारदात के समय मास्क पहना हुआ था संदिग्ध

ताइवान के प्रधानमंत्री चो जुंग-ता ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि घायलों में एक पैदल यात्री ऐसा भी था जो हमले के बाद जमीन पर गिर गया और अस्पताल पहुंचने से पहले उसे दिल का दौरा पड़ गया। इसके अलावा धुएं की वजह से एक अन्य व्यक्ति को सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संदिग्ध ने वारदात के समय मास्क पहना हुआ था और अधिकारी उसकी पहचान व पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से पूरे द्वीप में ट्रेन और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस ने इस हमले को लेकर कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके को अलर्ट पर रखा गया है।