कदम रखते ही कर लेंगे गिरफ्तार... हसीना की वतन वापसी पर बांग्लादेश ने दी चेतावनी; हिंसा भड़काने का लगाया आरोप

Sheikh Hasina Arrest on Return: बांग्लादेश सरकार ने कहा कि भारत से लौटने पर शेख हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। ढाका ने भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें वापस सौंपने की मांग की है।
Bangladesh Extradition Request India Hasina
शेख हसीना(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बांग्लादेश लौटते ही शेख हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजने की चेतावनी।

  • बांग्लादेश सरकार ने भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की।

  • अवामी लीग के प्रदर्शनों और हिंसा की घटनाओं से देश में तनाव बढ़ा।

  • बांग्लादेश में करीब 12 लाख रोहिंग्या शरणार्थियों की सुरक्षित वापसी का मुद्दा।

Bangladesh Extradition Request India Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन स्वदेश वापसी को लेकर इन दिनों काफी  चर्चा हो रही है। इसी बीच बांग्लादेश के एक वरिष्ठ मंत्री ने दावा किया है कि अगर शेख  हसीना भारत से स्वदेश लौटती हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया जाएगा। हसीना की दिसंबर में देश लौटने की योजना के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव अपने चरम पर है। 

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ता सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और कई जगह हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। बांग्लादेश सरकार भारत से शेख हसीना का प्रत्यर्पण चाहती है। हसीना अगस्त 2024 में देश छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं। हालांकि भारत ने हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। साथ ही हसीना ने भी अपने किसी भी बयान में यह नहीं बताया है कि वह बांग्लादेश कैसे जाएंगी? 

भारत के हसीना का प्रत्यर्पण चाहता है बांग्लादेश

बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि भारत को दोनों देशों के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि का पालन करते हुए शेख हसीना को वापस भेजना चाहिए। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, अप्रैल में मंत्रालय ने कहा था कि वह शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़े बांग्लादेश के अनुरोध पर विचार कर रहा है।

शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा

बांग्लादेश में शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। 2024 में हुए विरोध प्रदर्शन और विद्रोह के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस आंदोलन के कारण हसीना का लंबे समय से चला आ रहा शासन खत्म हो गया। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, उस दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी।

अगस्त 2024 में जब देशभर में उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हुए, तब शेख हसीना ढाका छोड़कर भारत आ गई थीं। दिसंबर में प्रस्तावित वापसी से पहले उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन किया, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए।

गिरफ्तार करके जेल भेज देंगे

मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि हसीना जैसे ही बांग्लादेश में प्रवेश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और उन्हें अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

अवामी लीग के प्रदर्शनों से बढ़ा तनाव

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक उनकी वापसी की मांग कर रहे हैं। पार्टी ने इस महीने एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन और रैलियां करने का ऐलान किया था। इन प्रदर्शनों का समापन 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन के साथ होना था।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में बम विस्फोट और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। कई वाहनों को निशाना बनाया गया, जबकि पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए हैं।

हिंसा करके खुद को बचाना चाहती है अवामी लीग

शमा ओबैद ने इन घटनाओं को अवामी लीग की राजनीतिक स्थिति कमजोर होने के बाद खुद को बचाने की कोशिश बताया। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता खालिद महमूद चौधरी ने हिंसा के लिए मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया।

मंत्री ने कहा कि शेख हसीना को वापस लाने के लिए भारत से विमान भेजने को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ अच्छे संबंध चाहता है, लेकिन देश के सम्मान, आत्मसम्मान और हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।