कतर को नई पहचान देने वाले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी नहीं रहे, 74 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
Sheikh Hamad bin Khalifa Al Thani Dies: कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्हें कतर को आधुनिक स्वरूप देने का श्रेय दिया जाता है।
- Written By: अमन उपाध्याय
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी, Photo- Reuters
Qatar Sheikh Hamad bin Khalifa Al Thani Dies News In Hindi: खाड़ी देश कतर के पूर्व अमीर और आधुनिक कतर की नींव रखने वाले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार सुबह 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। कतर के अमीरी दीवान ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। उनके निधन पर देश में शोक की लहर है और दुनिया भर के नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
अमीरी दीवान के बयान में कहा गया, ‘अल्लाह के फैसले को स्वीकार करते हुए हम गहरे दुख के साथ पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन की जानकारी देते हैं। अल्लाह उन्हें जन्नत नसीब करे’।
आधुनिक कतर के शिल्पकार
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी को कतर के इतिहास में एक युगपुरुष के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने साल 1995 में अपने पिता शेख खलीफा बिन हमद अल थानी से सत्ता की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने बिना किसी खून-खराबे के देश की कमान संभाली और करीब 18 साल तक देश का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।
सम्बंधित ख़बरें
US Iran War: ईरान के खिलाफ अमेरिका की नई जंग! क्या इस बार सुपरपावर का साथ दे रहे हैं अरब मुल्क?
अमेरिका में भारतीय मूल की गूगल अधिकारी की हत्या, पति ने घर में गोलियों से भूना; बेटा भी गंभीर
4,333 मौतें… वेनेजुएला में भूकंप के बाद हर तरफ चीख-पुकार, राहत के लिए जुटे 30 हजार लोग
Muthoot Award: अलेक्जेंडर जॉर्ज मुथूट को मिला टॉप 50 सक्सेसफुल सक्सेसर सम्मान, दिया बड़ा ट्रिब्यूट
साल 2013 में उन्होंने एक मिसाल पेश करते हुए स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे और वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी। खाड़ी देशों के राजनीतिक इतिहास में इस तरह का शांतिपूर्ण और स्वेच्छा से सत्ता का हस्तांतरण बहुत कम देखने को मिलता है।
आर्थिक महाशक्ति के रूप में कतर का उदय
शेख हमद ने इंग्लैंड की मशहूर रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से सैन्य शिक्षा प्राप्त की थी, लेकिन उनकी आर्थिक दूरदर्शिता ने कतर की तकदीर बदल दी।
उनके शासनकाल में कतर के नॉर्थ फील्ड गैस भंडार का व्यापक विकास हुआ, जिससे यह छोटा सा देश दुनिया के सबसे बड़े LNG निर्यातकों में शामिल हो गया। इस आर्थिक क्रांति के कारण कतर की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई और देश एक वैश्विक आर्थिक केंद्र बन गया।
पत्रकारिता को दी एक नई दिशा
मीडिया के क्षेत्र में भी शेख हमद का योगदान अविस्मरणीय है। साल 1996 में उनके संरक्षण में ‘अल जजीरा’ न्यूज नेटवर्क की शुरुआत हुई, जिसने न केवल अरब जगत बल्कि पूरी दुनिया की पत्रकारिता को एक नई दिशा दी। इसके अलावा, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) के माध्यम से उन्होंने दुनिया भर की प्रमुख संपत्तियों में निवेश किया।
लंदन का हैरॉड्स स्टोर, फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) और दुनिया की बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाएं आज कतर की आर्थिक ताकत का प्रमाण हैं।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका में भारतीय मूल की गूगल अधिकारी की हत्या, पति ने घर में गोलियों से भूना; बेटा भी गंभीर
खेल और कूटनीति में वैश्विक पहचान
शेख हमद के विजन का ही परिणाम था कि कतर ने साल 2022 में फीफा विश्व कप की सफल मेजबानी की। उन्होंने कतर को केवल एक अमीर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय विवादों में एक महत्वपूर्ण मध्यस्थ के रूप में भी स्थापित किया। उनकी विदेश नीति ने कतर को क्षेत्रीय और वैश्विक कूटनीति का एक अनिवार्य हिस्सा बना दिया। उनके निधन से कतर ने अपना सबसे महान मार्गदर्शक खो दिया है।
