सऊदी अरब में शराब का संकट: ईरान जंग ने रोकी सप्लाई, रियाद की इकलौती दुकान के बाहर लगीं लंबी कतारें

Saudi Arabia Alcohol Shortage: ईरान जंग की वजह से सऊदी अरब में शराब की भारी कमी हो गई है। रियाद की आधिकारिक दुकान में स्टॉक खत्म होने के कारण बीयर और वाइन के लिए लोगों की लंबी लाइनें लग रही हैं।
Alcohol Crisis in Saudi Arabia: Iran War Halts Supplies; Long Queues Form Outside Riyadh's Sole Store
कॉन्सेप्ट फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Saudi Arabia Alcohol Shortage News In Hindi: मीडिल ईस्ट में जारी ईरान युद्ध का असर अब सऊदी अरब के सामाजिक और व्यापारिक जीवन पर भी दिखने लगा है। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में देश की इकलौती आधिकारिक शराब की दुकान में बीयर, वाइन और टकीला जैसे उत्पादों का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। बताया जा रहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव की वजह से सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिससे नई खेप समय पर नहीं पहुंच पा रही है।

दुकान के शेल्फ खाली

रियाद के डिप्लोमैटिक इलाके में स्थित बिना नाम और बोर्ड वाली दुकान की स्थिति इस समय काफी चिंताजनक है। दुकान के ज्यादातर शेल्फ खाली पड़े हैं। विदेशी राजनयिकों के अनुसार, दुकान में व्हाइट वाइन पूरी तरह खत्म हो चुकी है और केवल कुछ बहुत महंगे या कम लोकप्रिय ब्रांड्स की रेड वाइन ही बची है। हाल ही में बीयर की एक छोटी खेप आई थी लेकिन वह भी डिमांड के मुकाबले बहुत कम साबित हुई।

विदेशी नागरिकों में अफरा-तफरी

शराब की इस किल्लत के कारण दुकान के बाहर विदेशी नागरिकों की लंबी लाइनें लग रही है। स्थिति यह है कि कई विदेशी लोग दिन में ही अपना काम छोड़कर दुकान पहुंच रहे हैं ताकि उन्हें स्टॉक मिल सके। सामान की कमी और लंबे इंतजार की वजह से लाइन में लगे लोगों के बीच बहस और झगड़े की भी खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, दुकान के कर्मचारियों का कहना है कि बहरीन और यूएई से आने वाली सप्लाई में देरी हो रही है। इसी वजह से देश में परेशानी और बढ़ गई है।

सऊदी में कबसे लगा है शराब पर प्रतिबंध?

सऊदी अरब में साल 1952 से शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। हालांकि, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा देश को वैश्विक निवेश और पर्यटन के लिए खोलने की कोशिशों के तहत 2024 में इस दुकान को मंजूरी दी गई थी। शुरुआत में यह सिर्फ गैर-मुस्लिम राजनयिकों के लिए थी जिसे बाद में अमीर विदेशी नागरिकों के लिए भी खोल दिया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सऊदी सरकार जेद्दा और अरामको क्षेत्रों में भी दो नई शराब की दुकानें खोलने पर विचार कर रही थी लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए ये योजनाएं फिलहाल ठंडे बस्ते में जाती दिख रही हैं। सऊदी सरकार ने अब तक इस कमी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है लेकिन जंग के कारण बाधित हुई रसद आपूर्ति ने विदेशी समुदाय की चिंताओं को बढ़ा दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com