यूक्रेन के मेरेफा पर रूस का मिसाइल हमला, फ्रंट लाइन से दूर रिहायशी इलाकों में मची तबाही; कई लोगों की मौत

Russia Missile Strike: रूस ने यूक्रेन के मेरेफा शहर पर एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। यह हमला आम नागरिकों के घरों और दुकानों पर किया गया।
Russia Launches Missile Attack on Merefa, Ukraine; Devastation Wreaks Havoc in Residential Areas Far from Front Line; Several Dead
रूस का यूक्रेन पर मिसाइल हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Russia Missile Strike Merefa News In Hindi: सोमवार को रूस ने यूक्रेन के खार्किव इलाके में स्थित मेरेफा शहर पर जोरदार मिसाइल हमला किया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह शहर युद्ध के फ्रंट लाइन से काफी दूर है, फिर भी वहां आम लोगों की इमारतों और सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

शहर में भारी नुकसान

इलाके के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने बताया कि रूस के इस हमले से शहर में काफी तबाही हुई है। मिसाइल गिरने से 10 घर, एक सरकारी दफ्तर, 4 दुकानें, एक गैराज और एक रेस्टोरेंट पूरी तरह या कुछ हद तक खत्म हो गए हैं। गवर्नर ने कहा कि रूसी सेना ने दिन के उजाले में जानबूझकर उन जगहों को निशाना बनाया जहां आम लोग रहते हैं जबकि यह इलाका युद्ध के मुख्य मैदान से काफी दूर और सुरक्षित माना जाता था।

इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला

इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई है। जिनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा, 18 अन्य लोग घायल हुए हैं। जिनमें से चार की स्थिति बहुत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों की शुरुआती जांच के अनुसार, इस हमले में इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल का प्रयोग किया गया था।

तबाही का मंजर

हमले के बाद राहत और बचाव टीम ने जो तस्वीरें जारी की हैं वे दिल दहला देने वाली हैं। उनमें देखा जा सकता है कि धमाके से इमारतों की छतें उड़ गई हैं और खिड़कियां चकनाचूर हो गई हैं। बचावकर्मी मौके पर ही घायल और खून से लथपथ लोगों की मदद और उनका इलाज करने में जुटे हैं।

नागरिकों पर हमलों का विवाद

हालांकि, 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से ही रूस कहता रहा है कि वह आम लोगों को निशाना नहीं बनाता लेकिन हकीकत यह है कि इन हमलों में अब तक हजारों आम नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूस के इलाकों में हमले किए हैं लेकिन वे रूस के हमलों के मुकाबले काफी छोटे स्तर के रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com