

Russia Drone Attack Ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर खौफनाक मोड़ ले लिया है। मंगलवार को रूस ने यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया है। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने रातों-रात लगभग 400 लंबी दूरी के ड्रोन दागे जो पिछले कई हफ्तों में सबसे बड़ा हमला है। इस हमले में कम से कम 4 नागरिकों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हुए हैं।
सैन्य अधिकारियों और रणनीतिकारों का मानना है कि रूस ने अपने बहुप्रतीक्षित 'स्प्रिंग ऑफेंसिव' की शुरुआत कर दी है। मॉस्को की सेना ने लगभग 1,250 किलोमीटर लंबी फ्रंट लाइन पर यूक्रेनी सुरक्षा घेरे को तोड़ने के प्रयास तेज कर दिए हैं। वाशिंगटन स्थित 'इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर' (ISW) ने भी पुष्टि की है कि रूस ने 17 मार्च से अपने हमलों में तेजी लाई है और भारी उपकरण फ्रंट लाइन पर भेजे हैं जो एक बड़े जमीनी हमले का संकेत है।
रूस ने केवल ड्रोन ही नहीं बल्कि 23 क्रूज मिसाइलें और 7 बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं जिन्होंने यूक्रेन के 10 अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। राजधानी कीव में दिन के उजाले में भी दर्जनों ड्रोन मंडराते देखे गए। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ जनरल अलेक्जेंडर सिर्स्की ने बताया कि रूसी सैनिकों ने पिछले चार दिनों में 619 बार हमले किए हैं और वे कई रणनीतिक क्षेत्रों में रक्षा पंक्तियों को भेदने की कोशिश कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले कुछ हफ्तों से पश्चिम एशिया में जारी ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान यूक्रेन की स्थिति से हट गया है। रूस ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए अपने हमलों को और अधिक आक्रामक बना दिया है। यूक्रेन के एक सैनिक ने बताया कि रूस अब शक्तिशाली 'ग्लाइड बमों' का इस्तेमाल कर रहा है जिससे फ्रंट लाइन पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पैदल सेना की कमी को पूरा करने के लिए यूक्रेन ने उन्नत ड्रोन तकनीक विकसित की है। अब कीव अपनी इस युद्ध-परीक्षित ड्रोन तकनीक को अमेरिका और खाड़ी देशों के साथ साझा करने की पेशकश कर रहा है। इसके बदले में यूक्रेन को दुर्लभ 'पैट्रियट' वायु रक्षा मिसाइलों की उम्मीद है ताकि वह रूस के हवाई हमलों का मुकाबला कर सके। दूसरी ओर, रूस ने भी दावा किया है कि उसने रात भर में 55 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।