Russia Attack Ukraine: पूरी दुनिया युद्ध के दौर से गुजर रही है। ईरान और अमेरिका के बीच टकराव जारी है तो वहीं एक बार फिर रूस ने यूक्रेन के कई हिस्सों पर मिसाइल दागी है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार रातभर रूस के घातक हमलों ने यूक्रेन के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। जिसकी जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर वीडियो जारी कर रूस के हमलों का जिक्र किया है साथ ही लिखा है रूस इन हमलों के लिए अपनी जवाबदेही तैयार रखे। 4 साल होने को है और दोनों देशों के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है।
रूस देर रात से ही यूक्रेन के कई हिस्सों पर लगातार मिसाईले दागकर तबाही मचाए हुआ है। इसको लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार X के माध्यम से हमले की जानकारी साझा कर रहे है। रूस के हमले में 2 नागरिकों के मारे जाने की सूचना मिली है। अभी हाल में किए गए ट्वीट में जेलेंस्की ने लिखा है कि यूक्रेन की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की इमारत पर रूस का हमला हुआ है। बचाव अभियान जारी है। टीमें आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश में लगी हैं। सभी सेवाएं तैनात कर दी गई हैं।
आज कीव में एक दवा कंपनी और पेट्रोल पंपों पर भी हमला हुआ। नीप्रो में एक व्यापारिक केंद्र पर और अन्य शहरों और क्षेत्रों में भी नागरिक सुविधाओं, व्यवसायों और संचार बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। दुख की बात है कि लोगों की जान गई है। उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
यूक्रेन पर हमले को लेकर रूसी रक्षा मंत्रालय और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान सामने आया है। जारी बयान के अनुसार, रूस ने यूक्रेन के हमलों को "कीव शासन की आतंकवादी कार्रवाई" करार दिया है। रूस का कहना है कि यूक्रेनी ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में ही उनकी सेना यूक्रेन के सैन्य ठिकानों और सामरिक केंद्रों को निशाना बनाकर बड़े और सटीक पलटवार कर रही है।
रूस और यूक्रेन के बीच यह युद्ध फरवरी 2022 से लागातार जारी है। युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों ने कोई विशेष पहल नहीं की। इस युद्ध की शुरूआत साल 2014 में हुई जब रूस ने क्रीमीया पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद से ही लगातार यूक्रेन रूस के कब्जे में मौजूद क्रीमीया के लिए संघर्ष कर रहा है।