रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन करेंगे भारत का दौरा, NSA अजीत डोभाल ने किया कंफर्म

India-Russia Relations: रूसी राष्ट्रपति पुतिन जल्द भारत दौरे पर आ सकते हैं, NSA अजीत डोभाल ने मॉस्को में बताया। उन्होंने कहा कि भारत-रूस के मजबूत संबंधों के बीच यह यात्रा महत्वपूर्ण और उत्साहजनक होगी।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन करेंगे भारत का दौरा, NSA अजीत डोभाल ने किया कंफर्म
भारत दौरे पर आएंगे पुतिन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Putin Visit India: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने इन दिनों रूस का यात्रा पर है। इस दौरान उन्होंने गुरुवार को बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। हालांकि, पुतिन कब भारत का दौरा करेंगे इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी रूस की ओर से सामने नहीं आई है। माना जा रहा पुतिन इस साल के अंत में आ भारत का दौरा कर सकते हैं।

मॉस्को में अजीत डोभाल ने कहा कि, "भारत और रूस के बीच विशेष और दीर्घकालिक संबंध हैं, जिन्हें हम अत्यंत महत्व देते हैं। हमारे बीच उच्च-स्तरीय संवाद लगातार होता रहा है, इससे रिश्ते को मजबूती मिली है। राष्ट्रपति पुतिन की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर हम उत्साहित हैं। मुझे लगता है कि तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं।"

ट्रंप ने भारत पर लगाया 50 फीसदी टैरिफ

यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से अमेरिका जाने वाली चीजों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के एक नए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत द्वारा रूस से लगातार तेल खरीदने के चलते उठाया गया है।

ट्रंप ने अपने आदेश में कहा है कि, "भारत सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से रूसी संघ से तेल आयात कर रहा है।" इसके तहत यूक्रेन पर रूस के हमले से जुड़े राष्ट्रीय आपातकालीन प्रावधानों के तहत शुल्क को बढ़ाना "आवश्यक और उचित" करार दिया गया है। इस टैरिफ के लागू होने के बाद, भारतीय वस्तुओं पर कुल अमेरिकी शुल्क बढ़कर करीब 50% हो जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर भारत पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह रियायती दरों पर भारी मात्रा में रूसी कच्चा तेल खरीदकर उसे खुले बाजार में मुनाफे पर बेच रहा है। भारत को इस बात की परवाह नहीं है कि रूस की युद्ध मशीन यूक्रेन में कितने लोगों की जान ले रही है।

रूस के पास कल तक समय

इसके अलावा ट्रंप ने चेतावनी भी दी है कि अगर रूस शुक्रवार तक यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने पर सहमत नहीं होता, तो वह रूसी तेल के खरीदारों पर और भी सख्त प्रतिबंध लगाएगा। यह संघर्ष, जो अब अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है, रूस और पश्चिमी देशों के बीच लगातार तनाव का केंद्र बना हुआ है। खासकर भारत जैसे देशों के लिए, जिन्होंने मास्को के साथ व्यापारिक संबंध बनाए रखे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com