

Highlights:
प्रमोद मित्तल की पत्नी संगीता लंदन के 357 करोड़ रुपये के रेनेसां कोर्ट को बचाने के लिए हाई कोर्ट पहुंचीं।
बार्कलेज बैंक ने कर्ज की किस्तें नहीं चुकाने पर 19 अप्रैल 2023 को संपत्ति के लिए रिसीवर नियुक्त किए।
प्रमोद मित्तल की बेटी सृष्टि की 2013 में बार्सिलोना में हुई शादी पर करीब 50 मिलियन पाउंड खर्च होने की रिपोर्ट है।
Pramod Mittal Family 357 Crore Property Dispute: दुनिया के बड़े उद्योगपतियों में शामिल रहे स्टील कारोबारी प्रमोद मित्तल का परिवार इन दिनों एक अलग तरह की मुश्किल से गुजर रहा है। कभी शाही शादियों और बेशुमार दौलत के लिए सुर्खियों में रहने वाले इस परिवार के सामने अब लंदन स्थित अपना घर बचाने की चुनौती है। बैंकिंग कंपनी बार्कलेज (Barclays) इस संपत्ति को बेचकर अपना बकाया कर्ज वसूलना चाहती है। वहीं, प्रमोद मित्तल की पत्नी संगीता मित्तल ने इसके खिलाफ ब्रिटेन के हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
विवादित संपत्ति का नाम रेनेसां कोर्ट (Renaissance Court) है। लंदन के महंगे इलाके मेफेयर में स्थित इस आलीशान प्रॉपर्टी की कीमत करीब 357 करोड़ रुपये (29.5 मिलियन पाउंड) बताई जा रही है। संगीता का कहना है कि वह 1998 से इसी घर में रह रही हैं और परिवार को कोलकाता से लंदन लाने के पीछे यह भरोसा था कि यह मकान उनका स्थायी निवास रहेगा। दिलचस्प बात यह है कि यह घर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के लंदन स्थित आवास से महज एक मिनट की पैदल दूरी पर बताया जाता है।
रेनेसां कोर्ट लंदन के 3-5 वुड म्यूज इलाके में स्थित है। इसे 1998 में करीब 106 करोड़ रुपये (8.8 मिलियन पाउंड) में खरीदा गया था। इस खरीद के लिए ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर होल्डिंग्स लिमिटेड (GIHL) नाम की कंपनी का इस्तेमाल किया गया था।
संगीता मित्तल के मुताबिक, इस घर को खरीदने में उनके ससुर और जाने-माने उद्योगपति मोहन लाल मित्तल का सहयोग था। इसका उद्देश्य परिवार को लंदन में स्थायी ठिकाना उपलब्ध कराना था। संगीता शादी के बाद कोलकाता से लंदन आई थीं और तब से इसी संपत्ति में रह रही हैं।
बाद में इस प्रॉपर्टी का मालिकाना हक ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में पंजीकृत कंपनी मीड्सवेल एस्टेट्स लिमिटेड (Meadswell Estates Ltd) के पास चला गया। इस संपत्ति पर बार्कलेज बैंक से कर्ज भी लिया गया था। इसके बदले बैंक के पक्ष में मॉर्गेज दर्ज किया गया।
इस पूरे विवाद की जड़ कर्ज की अदायगी है। मीड्सवेल एस्टेट्स लिमिटेड समय पर मॉर्गेज की किस्तें चुकाने में विफल रही। इसके बाद बार्कलेज ने 19 अप्रैल 2023 को संपत्ति के लिए रिसीवर नियुक्त कर दिए। अब ये रिसीवर घर का कब्जा लेकर इसे बेचने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहते हैं, ताकि बैंक का बकाया पैसा वसूला जा सके।
बैंक का पक्ष है कि कर्ज की शर्तों का उल्लंघन होने के बाद उसे अपनी गिरवी रखी संपत्ति पर कार्रवाई करने का अधिकार है। दूसरी तरफ संगीता मित्तल इस दावे को चुनौती दे रही हैं।उनका कहना है कि संपत्ति में उनका भी लाभकारी हित (Beneficial Interest) है और उन्हें जीवनभर यहां रहने का अधिकार दिया गया था। संगीता के मुताबिक, परिवार को लंदन शिफ्ट करने का फैसला इन्हीं आश्वासनों के आधार पर लिया गया था।
संगीता की कानूनी चुनौती में परिवार से जुड़े ट्रस्ट, विदेशी कंपनियों के जरिए संपत्ति का मालिकाना हक, बैंक के कर्ज और रहने के अधिकार जैसे कई पहलू शामिल हैं। बार्कलेज की ओर से नियुक्त रिसीवरों ने भी घर का कब्जा हासिल करने के लिए जवाबी दावा दाखिल किया है।
इससे पहले हाई कोर्ट संगीता को रिसीवरों की नियुक्ति की वैधता को चुनौती देने की अनुमति देने से इनकार कर चुका है। अदालत को इस मामले में ऐसी चुनौती के लिए पर्याप्त आधार नहीं मिला था।
इसके अलावा परिवार की कानूनी मुश्किलें भी बढ़ी हैं। एक लॉ फर्म ने संगीता, उनकी दो बेटियों वर्तिका और सृष्टि तथा बेटे दिव्येश के खिलाफ कथित बकाया रकम की वसूली के लिए कार्यवाही शुरू की है।
प्रमोद मित्तल का परिवार कभी अपनी भव्य जीवनशैली के कारण अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में रहता था। साल 2013 में उनकी बेटी सृष्टि मित्तल की शादी इसका बड़ा उदाहरण बनी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बार्सिलोना में आयोजित तीन दिवसीय शादी समारोह पर करीब 50 मिलियन पाउंड यानी लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
इस आयोजन के लिए शहर के एक प्रमुख सार्वजनिक संग्रहालय को समारोह स्थल में बदल दिया गया था। मेहमानों के लिए दो मिशेलिन स्टार वाले शेफ ने भोजन तैयार किया था। करीब 200 बटलर, रसोइये और शेफ भारत तथा थाईलैंड से बुलाए गए थे। समारोह में संगीत और फव्वारों के विशेष इंतजाम भी किए गए थे।
इस शादी की तुलना प्रमोद के बड़े भाई और दिग्गज उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की बेटी वनीषा की शादी से भी हुई थी। 2004 में पेरिस में हुई उस शादी में वर्साय पैलेस में समारोह, मशहूर गायिका काइली मिनॉग की निजी प्रस्तुति और एफिल टावर के ऊपर आतिशबाजी जैसे आयोजन किए गए थे।
परिवार में 2011 में बड़ी बेटी वर्तिका की शादी इस्तांबुल के सिरागन पैलेस में हुई थी। वहीं, 2023 में बेटे दिव्येश ने अपने लंबे समय के साथी जेक प्रायर से बर्कशायर के काउवर्थ पार्क में शादी की थी। इस समारोह को भारत की चर्चित समलैंगिक शादियों में से एक बताया गया था।
प्रमोद मित्तल की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव जून 2020 में आया, जब उन्हें ब्रिटेन में दिवालिया घोषित कर दिया गया। आमतौर पर ब्रिटेन में दिवालियापन के 12 महीने बाद व्यक्ति को इससे मुक्त किया जा सकता है, लेकिन प्रमोद के मामले में हाई कोर्ट ने इस प्रक्रिया को निलंबित कर दिया।
अप्रैल 2023 में अदालत ने इस निलंबन को बरकरार रखा। इसकी वजह दिवालियापन की प्रक्रिया में सहयोग और कानूनी दायित्वों के पालन को लेकर उठी चिंताएं थीं। इसके चलते प्रमोद मित्तल अब भी ब्रिटेन के दिवालिया रजिस्टर में दर्ज हैं।
इसके अलावा जनवरी 2023 में बोस्निया में उनके खिलाफ संगठित अपराध और पद के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोपों में आपराधिक कार्यवाही भी सामने आई थी। मामला स्थानीय सरकार के साथ संयुक्त रूप से संचालित कोक प्लांट से कथित तौर पर 12 मिलियन डॉलर की रकम निकालने के आरोपों से जुड़ा था।
अब पिता मोहन लाल मित्तल के 2026 में निधन और लंदन के घर पर मंडराते बिक्री के खतरे के बीच परिवार की परिस्थितियां काफी बदल चुकी हैं। संगीता के लिए यह संपत्ति महज 357 करोड़ रुपये का मकान नहीं, बल्कि पिछले करीब 28 वर्षों से उनका घर है। हालांकि, अदालत उनके रहने के अधिकार के दावे को स्वीकार करेगी या नहीं, इसका फैसला अभी बाकी है।