इजरायल-हमास शांति समझौते पर PM मोदी ने जताई खुशी, नेतन्याहू को लेकर कही ये बात

Israel Hamas Peace Agreement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल और हमास के बीच हुए शांति समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने इसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'पीस प्लान' के अंतर्गत...
pm modi welcomes israel hamas peace deal praises netanyahu leadership
इजरायल-हमास शांति समझौते पर PM मोदी ने जताई खुशी, फोटो( सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Modi Welcomes Gaza Peace Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि इजरायल और हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता में तैयार शांति योजना के पहले चरण को मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य गाज़ा में जारी संघर्ष को खत्म करना और बंदियों एवं बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शांति समझौते का स्वागत किया और इसे ट्रंप के 'पीस प्लान' का हिस्सा बताया। साथ ही, उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व की सराहना भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर लिखा कि हम राष्ट्रपति ट्रंप के 'पीस प्लान' के पहले चरण में हुए इस समझौते का स्वागत करते हैं। यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय मदद मिलने से उन्हें राहत मिलेगी और स्थायी शांति की दिशा में कदम बढ़ेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप का विशेष धन्यवाद

भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने प्रधानमंत्री मोदी की इस पोस्ट के जवाब में उनका आभार व्यक्त किया। इससे पहले, राजदूत अजार ने एक पोस्ट में लिखा था कि सभी बंधकों की रिहाई तक पहुंचने में इजरायली प्रतिनिधिमंडल और सभी जुड़े लोगों के प्रयासों के लिए वे आभारी हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विशेष धन्यवाद भी किया और कहा कि वे जल्द ही शांति की स्थापना और आतंकवादी खतरे से मुक्ति की उम्मीद करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लगातार समर्थन की सराहना की।

समझौते के पहले चरण पर सहमति

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि इजरायल और हमास ने शांति समझौते के पहले चरण पर सहमति दे दी है। ट्रंप ने इसे “ऐतिहासिक और अहम कदम” बताया, जो दो साल से चले आ रहे युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी प्रगति साबित होगा।

इजरायल के लिए एक नैतिक जीत

राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के तहत हमास सभी बंधकों को रिहा करेगा, जबकि इजरायल अपनी सेना को पहले से तय सीमा तक पीछे हटाएगा। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति के ‘20-सूत्रीय पीस प्लान’ के पहले चरण का हिस्सा है। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्रंप की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह कूटनीतिक सफलता इज़रायल के लिए एक राष्ट्रीय और नैतिक जीत है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com