प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
PM Modi Malaysia News Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी 2026 की पहली विदेश यात्रा के दौरान शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एक विशाल सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने न केवल भारत-मलेशिया के बीच गहरे होते कूटनीतिक रिश्तों पर बात की बल्कि भारतीय प्रवासियों के लिए दो बड़ी सुविधाओं का उपहार भी दिया मलेशिया में जल्द ही यूपीआई सेवा शुरू होगी और कुआलालंपुर में एक नया भारतीय कॉन्सुलेट खोला जाएगा।
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए उन्हें भारत और मलेशिया के बीच का ‘जीता-जागता पुल’ बताया। उन्होंने कहा कि मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी ‘इंडियन ओरिजिन’ कम्युनिटी रहती है। खाने-पीने का जिक्र करते हुए उन्होंने बड़ी खूबसूरती से दोनों देशों की समानताएं गिनाईं। पीएम ने कहा कि आपने रोटी कैनाई को मालाबार परोट्टा से जोड़ा है।
नारियल और मसालों का स्वाद कुआलालंपुर और कोच्चि दोनों में एक जैसा और जाना-पहचाना लगता है। उन्होंने बताया कि भाषाओं और मलय के बीच भी कई शब्द साझा हैं जो हमारे गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं।
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की संगीत में रुचि का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पीएम अनवर इब्राहिम न केवल एक कुशल नेता हैं बल्कि वे बहुत अच्छा गाते भी हैं। भारत में उनके पुराने हिंदी गानों के वीडियो काफी वायरल हुए थे। इसके साथ ही पीएम मोदी ने साझा किया कि प्रधानमंत्री इब्राहिम को दक्षिण भारतीय फिल्म लेजेंड MGR के तमिल गाने भी बेहद पसंद हैं।
प्रधानमंत्री ने साल 2001 में गुजरात में आए भीषण भूकंप को याद करते हुए कहा कि उस कठिन समय में मलेशिया के भारतीय समुदाय के लोगों ने बड़ी मदद भेजी थी जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की इंडियन नेशनल आर्मी (INA) में शामिल होने वाले पूर्वजों की कुर्बानी को भी सलाम किया। उन्होंने विशेष रूप से मलेशिया में ‘नेताजी सर्विस सेंटर’ और ‘नेताजी वेलफेयर फाउंडेशन’ के प्रयासों की सराहना की।
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब केवल एक बड़ा बाजार नहीं है, बल्कि यह इन्वेस्टमेंट और ट्रेड का एक प्रमुख हब बन चुका है।
यह भी पढे़ं:- ट्रंप का बड़ा अल्टीमेटम, जून तक खत्म करें रूस-यूक्रेन युद्ध; जेलेंस्की ने किया अमेरिका की ‘डेडलाइन’ का खुलासा
उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया अब भारत को विकास के लिए एक ‘भरोसेमंद पार्टनर’ के तौर पर देख रही है। भारत ने ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और यूरोपीय संघ जैसे देशों के साथ महत्वपूर्ण व्यापार सौदे किए हैं। अंत में उन्होंने 800 कलाकारों द्वारा दी गई शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति की तारीफ की और इसे आने वाले कई सालों तक याद रहने वाला पल बताया।