ओमान दौरा पूरा कर पीएम मोदी भारत रवाना, डिप्टी PM सईद ने लगाया गले, नमस्ते कर दी विदाई

PM Modi Oman Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ओमान दौरा ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। मस्कट एयरपोर्ट पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उन्हें...
PM Modi departs for India after completing his Oman visit; Deputy PM Saeed embraces him and bids farewell with a "Namaste.
ओमान दौरा पूरा कर पीएम मोदी भारत रवाना, फोटो (सो. आईएएनएस)
Published on: 
Updated on: 

World News In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ओमान से भारत के लिए रवाना हो गए। मस्कट एयरपोर्ट पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उन्हें औपचारिक और भावपूर्ण विदाई दी। विदाई के दौरान दोनों नेताओं के बीच दिखी गर्मजोशी ने भारत और ओमान के ऐतिहासिक और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित किया।

एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और गले लगकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान ओमान के उप प्रधानमंत्री को पारंपरिक भारतीय अभिवादन ‘नमस्ते’ करते हुए भी देखा गया जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर विदा ली। यह दृश्य दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक निकटता का प्रतीक बन गया।

‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ का मिला सम्मान

ओमान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक द्वारा प्रदान किया गया। ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ की शुरुआत 1970 में सुल्तान कबूस बिन सईद ने की थी। यह सम्मान अब तक केवल चुनिंदा वैश्विक नेताओं को ही दिया गया है, जिनमें ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ, जापान के सम्राट अकिहितो, नेल्सन मंडेला और जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला जैसे नाम शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और सुल्तान हैथम बिन तारिक के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई, जिसमें भारत और ओमान के संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर सहमति बनी, जिसे भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस समझौते से भारत के टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, जेम्स एंड ज्वैलरी, रिन्यूएबल एनर्जी और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत

सीईपीए पर बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता आने वाले दशकों तक असर दिखाएगा। उन्होंने कहा कि यह 21वीं सदी में हमें नया भरोसा और नई ऊर्जा देगा। यह हमारे साझा भविष्य का खाका है जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और निवेश को नया आत्मविश्वास मिलेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम मस्कट पहुंचे थे जहां एयरपोर्ट पर सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उनका स्वागत किया था। इस दौरान औपचारिक बातचीत हुई और रात में उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी किया गया। कुल मिलाकर, यह दौरा भारत-ओमान संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत साबित हुआ।