पाकिस्तानी सेना का बड़ा ऑपरेशन, खैबर पख्तूनख्वा में 25 आतंकी ढेर, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

Terrorists Killed in Pakistan: पाकिस्तान में मारे गए आतंकियों के ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। ये सभी आतंकवादी सीमा पार घुसपैठ की कोशिश में थे।
Pakistan Army launches major attack, 25 terrorists killed in Khyber Pakhtunkhwa, huge quantity of ammunition recovered
पाकिस्तानी सेना का हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pakistan News Hindi: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए 25 आतंकियों को ढेर कर दिया। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने जानकारी दी कि मारे गए आतंकियों में चार आत्मघाती हमलावर भी शामिल थे, जो अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे।

सेना ने बताया कि आतंकियों के साथ हुई झड़पों में उसके पांच जवानों ने भी अपनी जान गंवा दी। यह मुठभेड़ शुक्रवार रात उत्तरी वजीरिस्तान और कुर्रम जिलों में हुई। सेना ने दोनों जगहों पर हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। सेना के अनुसार, आतंकियों के दो बड़े समूह अफगानिस्तान से पाकिस्तान की सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। इन समूहों की पहचान फितना अल ख्वारिज नामक संगठन से जुड़ी बताई गई। सेना ने कहा कि इन आतंकियों में चार आत्मघाती हमलावर भी शामिल थे जिन्हें मुठभेड़ में ढेर किया गया।

गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद

गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को 'फितना अल-ख्वारिज' नाम से अधिसूचित किया था। यह नाम इस्लामी इतिहास के उस उग्रवादी गुट की ओर संकेत करता है जो हिंसक गतिविधियों में लिप्त था। इसी बीच, कुर्रम ज़िले के गाकी क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 10 आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।

आतंकी हमले की रच रहे थे साजिश

बता दें कि अभी 24 अक्टूबर को पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक अहम अभियान चलाकर 8 आतंकवादियों को मार गिराया। इस दौरान 5 आतंकी घायल हो गए, जो मौके से भागने में सफल रहे। यह ऑपरेशन खुफिया इनपुट मिलने के बाद शुरू किया गया था। बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े ये आतंकवादी लक्की मरवात जिले के वांडा शेख अल्लाह क्षेत्र में छिपे हुए थे और किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। लेकिन सेना की समय रहते की गई कार्रवाई से उनकी योजना नाकाम हो गई और मुठभेड़ के दौरान ही कई आतंकी मारे गए।

हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं में तेज़ी आई है, विशेषकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में। इन हमलों का मुख्य निशाना पुलिस, सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां हैं। माना जा रहा है कि यह बढ़ोतरी 2022 में सरकार और टीटीपी के बीच हुए संघर्षविराम समझौते के टूटने के बाद से देखी जा रही है। बीते हफ्ते ही सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में चलाए गए अभियानों के दौरान 34 आतंकियों को ढेर किया था।