47 गोले और ड्रोन की बरसात… अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का भीषण प्रहार, रिहायशी इलाकों में मची तबाही
Pak Afgan War: डूरंड लाइन पर तनाव चरम पर है। पाकिस्तानी सेना की भारी गोलाबारी और ड्रोन हमलों में दो अफगान नागरिकों की मौत हो गई है जिसके जवाब में तालिबान ने पाकिस्तान की तीन चौकियां नष्ट कर दीं।
- Written By: अमन उपाध्याय
पाकिस्तान-अफगानिस्तान युद्ध, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Pakistan Afghanistan Border Clash: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर तनाव एक बार फिर हिंसक मोड़ ले चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में की गई भीषण गोलाबारी ने सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैला दी है। इन हमलों में न केवल भारी तोपखाने का इस्तेमाल किया गया बल्कि ड्रोन के जरिए भी रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया है।
रिहायशी इलाकों में मौत का तांडव
सूचना और संस्कृति विभाग के प्रवक्ता जिया-उर-रहमान स्पिंगहर के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कुनार प्रांत के विभिन्न जिलों में दर्जनों तोप के गोले दागे हैं। सबसे अधिक नुकसान नारी जिले में देखा गया जहां गिरे 16 गोलों की चपेट में आने से एक नागरिक की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यही नहीं, बुधवार को सरकारनो जिले में भी स्थिति भयावह रही। यहां पाकिस्तान की ओर से दो ड्रोन हमले किए गए और साथ ही 47 लंबी दूरी के प्रोजेक्टाइल (गोले) दागे गए। इस हमले में भी एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी और दो अन्य घायल हो गए। प्रवक्ता ने पुष्टि की कि गोलाबारी का सिलसिला यहीं नहीं रुका मनोरा जिले में दो, शुल्तान जिले में 15 और प्रांतीय राजधानी असदाबाद में भी पांच गोले गिरे, हालांकि इन क्षेत्रों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सम्बंधित ख़बरें
ट्रंप-जिनपिंग की महामुलाकात, क्या US-चीन की ‘दोस्ती’ भारत के लिए बनेगा बड़ा खतरा? जानें सबकुछ
पांच देशों के दौरे पर जाएंगे PM मोदी, यूएई से लेकर नॉर्वे तक; इन अहम मुद्दों को लेकर होगी चर्चा
व्हाइट हाउस शूटआउट केस में बड़ा मोड़! आरोपी शख्स ने कोर्ट में खुद को बताया बेगुनाह, अब क्या करेंगे ट्रंप?
क्रूज शिप पर हंतावायरस का खौफनाक हमला, कई देशों में फैला संक्रमण; अमेरिका-फ्रांस में मचा हड़कंप
अफगान बलों का करारा पलटवार
पाकिस्तानी हमलों के जवाब में अफगान सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जवाबी कार्रवाई करते हुए अफगान बलों ने सरकारनो जिले के नवापास इलाके में डूरंड लाइन के करीब स्थित पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस सैन्य कार्रवाई में एक पाकिस्तानी सैनिक के मारे जाने की भी सूचना मिली है। तालिबान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
ईद युद्धविराम का शर्मनाक उल्लंघन
यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आ रहा है जब दोनों देशों के बीच ईद के पवित्र अवसर पर युद्धविराम घोषित किया गया था। तालिबान के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने पाकिस्तानी सेना पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने बार-बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को भी पाकिस्तानी बलों ने कुनार के नारी जिले में मोर्टार दागे थे जिसमें एक व्यक्ति की मौत और एक महिला घायल हो गई थी।
यह भी पढ़ें:- तानाशाहों की जुगलबंदी! उत्तर कोरिया पहुंचे बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको; क्या US के खिलाफ बनेगा नया मोर्चा?
इसके अलावा, पक्तिका प्रांत के शकिन जिले में एक नागरिक वाहन को भी निशाना बनाकर गोलीबारी की गई। तालिबान का कहना है कि ईद के दौरान कुनार और नूरिस्तान में किए गए ये हमले शांति समझौतों की सरेआम अवहेलना हैं। वर्तमान में सीमा पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं।
