

Sheikh Rasheed Ahmad Hafiz Saeed Terror Links: पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख रशीद अहमद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार वे किसी राजनीतिक बयान को लेकर नहीं, बल्कि कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार आतंकियों के साथ मंच साझा करने और भारत विरोधी जहर उगलने के कारण चर्चा में हैं।
एक पब्लिक कार्यक्रम के सामने आए वीडियो में रशीद खुलेआम मुंबई हमलों के मुख्य साजिशकर्ता और आतंकी हाफिज सईद की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। रशीद ने मंच से खुद को हाफिज सईद का गुलाम घोषित किया है, जिससे पाकिस्तान का दोहरा और नापाक चेहरा एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने पूरी तरह बेनकाब हो गया है।
इस कार्यक्रम के सामने आए हालिया वीडियो में देखा जा सकता है कि शेख रशीद अहमद जिस मंच पर मौजूद हैं, वहां उनके साथ कई खूंखार आतंकी बैठे हैं। इनमें लश्कर के वरिष्ठ कमांडर और पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के अध्यक्ष खालिद मसूद संधू और केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य याकूब शेख शामिल हैं।
आतंकियों की इस महफिल को संबोधित करते हुए रशीद ने हाफिज सईद के प्रति खुलकर अपनी गहरी वफादारी दिखाई। उन्होंने मंच से खुलेआम खुद को हाफिज साहब का गुलाम बताया और कहा कि हम हर हाल में हाफिज के साथ खड़े हैं।
रशीद ने अपने भड़काऊ भाषण में भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला और धमकी दी कि अगर भारत ने पाकिस्तान की तरफ आंख उठाई तो अल्लाह उसे तबाह कर देगा। उन्होंने बेतुकी बयानबाजी करते हुए कहा कि जंग की स्थिति में भारत में न तो कोई परिंदा चहचहाएगा और न ही किसी मंदिर में घंटियां बजेंगी।
इसके अलावा रशीद ने अमेरिका से निकाले जाने का एक बेहद अजीबोगरीब और हास्यास्पद दावा भी किया। उन्होंने कहा कि जब वे अमेरिका में थे, तब उनके मोबाइल में हाफिज का नंबर मिलने पर अमेरिकी प्रशासन ने उन्हें देश से बाहर निकाल दिया था।
रावलपिंडी में जन्मे शेख रशीद इमरान खान की सरकार में पाकिस्तान के गृह मंत्री रह चुके हैं और अवामी मुस्लिम लीग के संस्थापक भी हैं। उनका नाम पहले भी कई बार हाफिज सईद और आतंकवादियों से जुड़ चुका है, जिससे उनकी साख पर हमेशा सवाल उठते रहे हैं।
साल 2012 में रशीद को ह्यूस्टन एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था क्योंकि उन पर लश्कर से संबंध होने का गहरा संदेह था। वे खुद भी यह कबूल कर चुके हैं कि उन्होंने पहले कश्मीरी आतंकियों को अपने फार्महाउस में पनाह दी थी और अब वे फिर से भारत विरोधी एजेंडे के सहारे सुर्खियों में आने की कोशिश कर रहे हैं।