

Baramati Airport Aircraft Crash: महाराष्ट्र से इस समय बड़ी खबर सामने आई है। पुणे के बारामती एयरपोर्ट के रनवे पर एक बार फिर एयरक्राफ्ट क्रैश होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुणे के बारामती एयरपोर्ट पर रनवे पर टैक्सी करते समय कारवार एविएशन का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
फिलहाल, क्रैश की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। यह घटना दोपहर 12 बजे के करीब की बताई जा रही है। पुलिस और आला अधिकारी मामले में आगे की जांच कर रहे हैं। इस प्लेन क्रैश में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि विमान को भी ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
अजित पवार प्लेन क्रैश मामले के बाद यह तीसरी घटना है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। क्रैश की असल वजह क्या थी, या पायलट या किसी और को चोटें आईं या नहीं, इस बारे में अभी कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। हादसे के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बारामती एयरपोर्ट पर पहले भी ऐसे एयरक्राफ्ट हादसे हो चुके हैं और इस ताजा घटना ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
पुणे के बारामती में पिछले आठ महीनों में यह तीसरा एयरक्राफ्ट हादसा है। इस साल जनवरी में, VSR वेंचर्स का एक लियरजेट चार्टर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। उस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस त्रासदी से भारी हंगामा हुआ था और हवाई यात्रा की सुरक्षा पर सवाल उठे थे।
इसके बाद, मई में बारामती के गोजुबावी गांव के इलाके में एक और हादसा हुआ। अच्छी बात यह रही कि उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान ट्रेनी एयरक्राफ्ट एक खेत में गिर गया था। उन दो घटनाओं के बाद, अब बारामती एयरपोर्ट पर ट्रेनी एयरक्राफ्ट के साथ यह तीसरा क्रैश हुआ है।