

Operation Sindoor News In Hindi: पाकिस्तान के सबसे बड़े आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडर हाफिज अब्दुल रऊफ ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर मुहर लगा दी है।
मुरीदके स्थित 'मरकज-ए-तैयबा' में आयोजित एक दीक्षांत समारोह के दौरान रऊफ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बहुत बड़ा हमला था, लेकिन अल्लाह ने हमें बचा लिया। रऊफ के इस बयान से साफ हो गया है कि भारतीय सेना के प्रहार से पाकिस्तान में आतंक की जड़ें पूरी तरह हिल गई थीं।
भारतीय सेना ने यह ऐतिहासिक ऑपरेशन 6-7 मई 2025 को अंजाम दिया था। यह कार्रवाई अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले का जवाब थी, जिसमें आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी। भारत ने इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और PoK के 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे।
अब्दुल रऊफ ने अपने संबोधन में स्वीकार किया कि मुरीदके में हुआ हमला अत्यंत घातक था जिसमें उनकी मस्जिद तक को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया गया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन हमलों में लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के कई शीर्ष आतंकी मारे गए थे जिनमें मुरीदके का प्रमुख मुदस्सर खडियान खास (अबू जंदाल) भी शामिल था। गौरतलब है कि रऊफ ने ही मारे गए आतंकियों के जनाजे की अगुवाई की थी जिसमें पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए थे।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से जवाबी हमले की कोशिश की, तो भारतीय सेना ने उन्हें न केवल नाकाम किया बल्कि और भी भीषण पलटवार किया। भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान के 11 आर्मी बेस को उड़ा दिया। इस भीषण हमले के बाद पाकिस्तान में ऐसी खलबली मची कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर भारत से सीजफायर की गुहार लगाने लगे थे।