

Russia Odesa Missile Attack News: यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा में रूसी सेना की ओर से किए गए मिसाइल हमले ने भारी तबाही मचाई है। 16 जुलाई 2026 की शाम को हुए इस हमले में कम से कम दो लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हमला रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है।
ओडेसा सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के उप प्रमुख सेरही क्रासिलेंको ने बताया कि रूसी मिसाइलों ने जानबूझकर नागरिक बुनियादी ढांचों को क्षति पहुंचाई है। इस हमले में कई बहुमंजिला रिहायशी इमारतें, एक धार्मिक संस्थान और एक प्री-स्कूल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
इसके अलावा, सड़कों पर खड़ी कई कारें और अन्य नागरिक संपत्ति भी मलबे में तब्दील हो गई है। यूक्रेन के राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि शहर के एक जिले में तीन मंजिला आवासीय इमारत को सीधा नुकसान पहुंचा है।
ओडेसा ओब्लास्ट के गवर्नर ओलेह कीपर के अनुसार, हमले के तुरंत बाद घटनास्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल, नगरपालिका कर्मी और परिचालन मुख्यालय तैनात कर दिए गए हैं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
घायल नागरिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है, जबकि अधिकारी हमले से हुए कुल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
ओडेशा में 15 जुलाई की रात को भी एक बहुमंजिला अपार्टमेंट पर रूसी मिसाइल गिरी थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी और छह अन्य घायल हुए थे। रिपोर्टों के अनुसार, ओडेसा ओब्लास्ट पिछले पांच दिनों से लगातार मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है, जिससे क्षेत्र में मानवीय संकट गहराता जा रहा है।
ओडेसा पर हमलों के बीच, यूक्रेन की सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की भी जानकारी दी हैं। यूक्रेन के ओमेगा स्पेशल फोर्स ने दावा किया है कि एक ड्रोन हमले में कब्जे वाले क्रीमिया में रूसी Su-24 बमवर्षक विमान को निशाना बनाया गया है। इसके साथ ही, 17 जुलाई की सुबह कब्जे वाले क्रीमिया में रूसी 'शैडो फ्लीट' के टैंकरों पर भी हमले और आग लगने की खबरें सामने आई हैं।