Philippines Floods: फिलीपीन में तबाही, बाढ़ और भूस्खलन से नौ लोगों की मौत

उत्तरी फिलीपीन में तूफान के कारण भूस्खलन और भारी बारिश हुई, जिससे सोमवार तक कई इलाकों में बाढ़ आ गई। इसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। इसको देखते हुए अधिकारियों ने स्कूलों को बंद कर दिया तथा सरकारी कामकाज भी स्थगित करना पड़ा।
Philippines Floods: फिलीपीन में तबाही, बाढ़ और भूस्खलन से नौ लोगों की मौत
बाढ़ की तस्वीर फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

मनीला: उत्तरी फिलीपीन में तूफान के कारण भूस्खलन और भारी बारिश हुई, जिससे सोमवार तक कई इलाकों में बाढ़ आ गई। इसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। इसको देखते हुए अधिकारियों ने स्कूलों को बंद कर दिया तथा सरकारी कामकाज भी स्थगित करना पड़ा।

मौसम ब्यूरो के मुताबिक, उष्णकटिबंधीय तूफान ‘यागी' सोमवार दोपहर तक मनीला के दक्षिण-पूर्व में क्यूजोन प्रांत के इनफांटा शहर से 115 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। यह 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकराया और इसकी रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

स्थानीय रूप से एनटेंग नाम से जाना जाने वाला यह तूफान लूजोन के मुख्य उत्तरी क्षेत्र के पूर्वी तट के पास 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

आपदा न्यूनीकरण अधिकारी एनरिलिटो बर्नार्डो जूनियर ने बताया कि सोमवार को राजधानी के पश्चिम में रिजाल प्रांत के एंटिपोलो शहर में पहाड़ी पर स्थित दो छोटी झुग्गियां भूस्खलन की चपेट में आ गईं। इसमें एक गर्भवती महिला समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चार अन्य ग्रामीण उफनते नालों में डूब गए।

राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता कर्नल जीन फजार्डो ने बिना विस्तृत जानकारी दिए पत्रकारों को बताया कि मध्य फिलीपीन में तूफान के कारण हुए भूस्खलन में दो और लोगों की मौत हो गई तथा 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पूर्वी कैमरिन्स सुर प्रांत के नागा शहर में खराब मौसम में दो स्थानीय लोगों की मौत हो गई।

यहां कई क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुसा है। प्राधिकारी इस बात की पुष्टि करने में जुटे हैं कि ये मौतें मौसम से संबंधित थी या नहीं। इसमें एक व्यक्ति की मौत करंट लगने से हुई है।

देश के सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र लूजोन के एक बड़े हिस्से में तूफान की चेतावनी जारी की गई, जिसमें महानगरीय क्षेत्र मनीला भी शामिल है। यहां तूफानी मौसम के कारण स्कूल और अधिकांश सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए।

राजधानी के पूर्वी छोर पर मरीकिना नदी के भीड़भाड़ वाले तट पर सुबह के समय एक सायरन बजाया गया, जिसमें हजारों लोगों को नदी के जलस्तर में वृद्धि तथा भारी बारिश के कारण नदी के उफान पर आने की स्थिति में वहां से निकलने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी गई।

तट रक्षक ने बताया कि मनीला के दक्षिण में स्थित कैविटे प्रांतों और देश के मध्य क्षेत्र में स्थित उत्तरी समर में तट रक्षक कर्मियों ने बाढ़ में फंसे दर्जनों ग्रामीणों को बचाने और बाहर निकालने के लिए नावों और रस्सियों का प्रयोग किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com