गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला न्यूयॉर्क, क्लब में हुई अंधाधुंध फायरिंग; 3 की मौत 8 घायल

New York firing: अमेरिका के न्यूयॉर्क में अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें 3 लोगों की जान चली गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं।
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला न्यूयॉर्क, क्लब में हुई अंधाधुंध फायरिंग; 3 की मौत 8 घायल
सांकेतिक तस्वीर, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

New York Club Firing: न्यूयॉर्क शहर के एक भीड़भाड़ वाले क्लब में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि जांचकर्ताओं को शक है कि इसमें एक से ज्यादा हमलावर शामिल हो सकते हैं। यह वारदात ब्रुकलिन के क्राउन हाइट्स क्षेत्र में स्थित ‘टेस्ट ऑफ द सिटी लाउंज’ में स्थानीय समय सुबह लगभग 3:30 बजे उस समय हुई, जब झगड़े के बाद हमलावरों ने कई हथियारों से गोलियां चला दीं।

न्यूयॉर्क शहर में हुई गोलीबारी को लेकर जेसिका टिश ने इसे बेहद डरावनी घटना बताया। उन्होंने बताया कि पुलिस को लाउंज से कम से कम 36 खोखे और नज़दीकी गली से एक बंदूक बरामद हुई है, जिनकी जांच की जा रही है। टिश के अनुसार, घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल अभी खतरे से बाहर हैं और उनकी उम्र 27 से 61 साल के बीच है।

विवाद के बाद युवक ने चलाई गोली

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के कमिश्नर के अनुसार मामले की जांच फिलहाल जारी है। इससे पहले 9 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे एक छोटे से विवाद के बाद एक युवक ने गोलियां चला दी थीं। इस घटना में एक बुजुर्ग और एक किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और उसके पास से हथियार भी जब्त किया गया था।

अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन का है, जहां ‘टारगेट’ स्टोर की पार्किंग में एक हमलावर ने फायरिंग कर दी। इस वारदात में दो वयस्क और एक बच्चे की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी की कार में फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे बाद में पकड़ लिया।

15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीते 50 वर्षों में अमेरिका में गन कल्चर की वजह से 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यहां की आबादी लगभग 33 करोड़ है, जबकि हथियारों की संख्या 40 करोड़ से भी अधिक है। अमेरिकी कानून के मुताबिक, राइफल या पिस्टल जैसी छोटी बंदूक खरीदने की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष तय है, जबकि अन्य हथियारों के लिए यह सीमा 21 वर्ष है। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं रोजमर्रा की बात बन चुकी हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com