

New Orleans Cruise Accident Video: अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर टैंकर ने अमेरिकन हेरिटेज क्रूज बोट को टक्कर मार दी। नाव पलट गई और 32 यात्री अस्पताल पहुंचे। सभी यात्रियों और क्रू को बचा लिया गया।
अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा टैंकर 129 यात्रियों को ले जा रहे क्रूज से टकरा गया। इस हादसे के बाद क्रूज बोट पलट गया और मलबे के साथ पूरा डूब गया। इस हादसे का डरा देने वाला वीडियो अब सामने आ गया है।
गनीमत रही की सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और जनहानि नहीं हुई। हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:30 बजे मिसिसिपी नदी पर यह हादसा हुआ। 'अटलांटिक डामर' नाम का टैंकर 'अमेरिकन हेरिटेज' पैडल-बोट से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी की बोट पलटने लगा और देखते-ही-देखते सिर्फ 15 मिनट में नदी में समा गया।
दरअसल, क्रूज बोट किनारे पर लगभग 2 घंटे से खड़ी थी और यात्रियों के उतरने का इंतजार कर रही थी। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 'अमेरिकन हेरिटेज' पर सवार सभी यात्रियों की पहचान की जा चुकी है। 32 घायल यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आई। बताया जा रहा है कि 'अटलांटिक डामर' टैंकर 'अनियंत्रित हो गया था, जिसके कारण वह क्रूज बोट से जा टकराया।'