मैं न्यूयॉर्क जरूर आऊंगा...नेतन्याहू का ममदानी पर तीखा पलटवार, हमास के समर्थन का लगाया आरोप

Mamdani Netanyahu News: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि मैं यहूदी लोगों की सच्चाई के लिए लड़ने न्यूयॉर्क आऊंगा।
I will definitely come to New York... Netanyahu sharply retorted to Mamdani, accusing him of supporting Hamas.
ममदानी और नेतन्याहू, AI मॉडिफाइड फोटो
Updated on

Netanyahu New York Visit: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है कि वे सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क जरूर जाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने मेयर ममदानी के उन बयानों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्हें न्यूयॉर्क में अवांछित बताने की कोशिश की गई थी। नेतन्याहू ने मेयर पर शहर में यहूदी-विरोध और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

सच्चाई के लिए लड़ने आऊंगा न्यूयॉर्क

फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम 'संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स' में मारिया बारतीरोमो को दिए एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने हुंकार भरते हुए कहा कि ममदानी को मेरा जवाब है कि मैं यहूदी लोगों की सच्चाई के लिए लड़ने न्यूयॉर्क आऊंगा। उन्होंने कहा कि उनका मकसद संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक मंच से सच बोलना, इजरायल का पक्ष मजबूती से रखना और इजरायल-अमेरिकी गठबंधन की अहमियत पर बात करना है।

मेयर पर हमास के समर्थन का आरोप

मेयर ममदानी द्वारा खुद को युद्ध अपराधी बताए जाने पर नेतन्याहू ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर हमास के हत्यारों का साथ दे रहे हैं और उन्होंने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए बर्बर हमले का समर्थन किया है।

नेतन्याहू ने कहा कि जिस नरसंहार का जश्न मेयर के करीबियों ने मनाया, वह होलोकॉस्ट के बाद यहूदियों के खिलाफ सबसे बड़ी त्रासदी थी। उन्होंने हमास को घेरते हुए कहा कि यह संगठन नागरिकों के पीछे छिपकर नरसंहार की साजिश रचता है और इजरायल केवल अपनी रक्षा के लिए लड़ रहा है।

मेयर के नफरत भरे भाषण

नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर के नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि एक मेयर को सभी धर्मों के नागरिकों को एकजुट करना चाहिए, न कि उन्हें आपस में लड़ाना चाहिए। उन्होंने हाल ही में एक यहूदी प्रार्थना स्थल के बाहर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि मेयर के नफरत भरे भाषणों के बाद ही एक यहूदी व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया।

बता दें कि मैनहट्टन में एक व्यक्ति पर 'अल्लाहू अकबर' के नारों के साथ हमला करने के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी संघीय सरकार से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को तामील किया जाए। ममदानी ने कहा था कि कोई भी फरार 'युद्ध अपराधी' न्यूयॉर्क में स्वागत के योग्य नहीं है। मेयर प्रशासन इस बात पर भी कानूनी राय ले रहा है कि यदि नेतन्याहू सितंबर में न्यूयॉर्क आते हैं, तो शहर के पास उन्हें रोकने या गिरफ्तार करने के क्या अधिकार होंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com