नेपाल में भीषण सड़क हादसा: 700 मीटर गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी जीप, 17 लोगों की मौत

Nepal Road Accident: नेपाल के रोल्पा जिले में बारिश के कारण एक जीप फिसलकर 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 17 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है।
Explainer: Amid Claims of Victory, US Suffers Billions in Losses; Find Out What the Actual CSIS Figures Reveal.
नेपाल में सड़क हादसा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nepal Road Accident Rolpa Jeep: नेपाल के रोल्पा जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक निजी जीप अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

700 मीटर गहरी खाई में गिरी वाहन

प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना रोल्पा जिले के थवांग ग्रामीण नगरपालिका के जलजला इलाके में घटित हुई। बताया जा रहा है कि इलाके में हो रही भारी बारिश की वजह से पहाड़ी रास्ता काफी कीचड़ भरा और फिसलन भरा हो गया था। वहां मौजूद लोगों और पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, कीचड़ भरे रास्ते पर वाहन चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया जिसके बाद जीप सड़क से फिसलकर लगभग 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया।

धार्मिक उत्सव के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

रोल्पा जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी और पुलिस इंस्पेक्टर सुनील थापा नेपाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त जीप को स्थानीय लोगों ने निजी तौर पर किराए पर लिया था। जीप में सवार सभी श्रद्धालु रुकुम पूर्व के जिला मुख्यालय रुकुमकोट से रोल्पा स्थित एक पवित्र हिंदू तीर्थस्थल 'जलजला' की ओर जा रहे थे। ये सभी यात्री शुक्रवार को बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले पारंपरिक उत्सव और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए निकले थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, ये तीर्थयात्री पूर्णिमा के दिन विशेष पूजा-अर्चना करने वाले थे।

बचाव कार्य में मौसम बना बड़ी बाधा

मुख्य जिला अधिकारी गंगा बहादुर छेत्री ने बताया कि जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, पुलिसकर्मियों और स्थानीय निवासियों को तुरंत बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया। हालांकि, दुर्गम भौगोलिक स्थिति और क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव अभियान चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस इंस्पेक्टर सुनील थापा के अनुसार, दुर्घटनास्थल थवांग के वार्ड 1 और 4 की सीमा पर स्थित है। फिलहाल प्रशासन के पास वाहन में सवार यात्रियों की सही संख्या का डेटा उपलब्ध नहीं है, जिससे मृतकों की संख्या में और वृद्धि होने की आशंका जताई जा रही है।

सड़क सुरक्षा पर उठते सवाल

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून और बारिश के दौरान इस तरह के हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं। खराब सड़कें, तीखे मोड़ और फिसलन भरे रास्ते यात्रियों के लिए काल साबित हो रहे हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। फिलहाल, बचाव दल शवों को खाई से निकालने की कोशिशों में जुटा हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com